Ghoghad.com

घोघड़, भरमौर, 11 मई : पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों को लेकर विकास खंड भरमौर की 31 ग्राम पंचायतों में नामांकन प्रक्रिया निर्धारित तीन दिनों की अवधि के दौरान संपन्न हो गई। इस दौरान जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, प्रधान, उप प्रधान तथा वार्ड सदस्य पदों के लिए प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।

भरमौर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विकास खंड भरमौर में दो जिला परिषद वार्ड — खणी तथा भरमौर — सहित 15 पंचायत समिति वार्ड, 31 पंचायत प्रधान, 31 उप प्रधान तथा 171 वार्ड सदस्य पदों के लिए चुनाव करवाए जाने हैं।

यहां वार्ड खणी के जिला परिषद सदस्य पद के लिए 06 उम्मीदवारों जिनमें गरोला निवासी जगदीश चंद, कुठेड़ निवासी सुभाष चंद, हल्ली निवासी अनिल कुमार, उल्लांसा निवासी कमला देवी, भटाड़ा(रुणूहकोठी) निवासी चूहड़ू राम व चन्हौता निवासी राकेश कुमार ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं ।

भरमौर जिला परिषद वार्ड सदस्य पद के लिए प्रंघाला निवासी रीना देवी, तूदां निवासी कंचू देवी, मलकौता निवासी रीतू देवी, पटला(तुंदा) निवासी आरती देवी, प्रेम नगर(राड़ी) निवासी उपासना व भरमौर निवासी लीला देवी ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं।

चुनाव प्रक्रिया के तहत विभिन्न पदों के लिए कुल 850 नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं। इनमें प्रधान एवं वार्ड सदस्य पदों के लिए सबसे अधिक दावेदार सामने आए हैं, जिससे पंचायत चुनावों को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में राजनीतिक सक्रियता बढ़ गई है।

विभिन्न पदों हेतु प्राप्त नामांकन पत्रों का विवरण

क्रमांक पद का नाम कुल पद प्राप्त नामांकन पत्र
1 जिला परिषद वार्ड खणी 1 06
2 जिला परिषद वार्ड भरमौर 1 06
3 पंचायत समिति सदस्य 15 77
4 ग्राम पंचायत प्रधान 31 185
5 ग्राम पंचायत उप प्रधान 31 166
6 वार्ड सदस्य 171 410
कुल 250 850

चुनाव अधिकारियों के अनुसार नामांकन पत्रों की जांच निर्धारित तिथि 12 मई को की जाएगी, जिसके बाद वैध प्रत्याशियों की सूची जारी होगी। वहीं नाम वापसी की प्रक्रिया 14 व 15 मई को पूरी होने के बाद चुनाव मैदान में अंतिम उम्मीदवारों की तस्वीर स्पष्ट हो जाएगी। पंचायत चुनावों को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में प्रचार गतिविधियां भी तेज होने लगी हैं।


Ghoghad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page