Ghoghad.com

घोघड़, भरमौर(चम्बा), 23 जून : राष्ट्रीय हाइड्रेशन दिवस के अवसर पर जल शक्ति विभाग, मंडल भरमौर द्वारा राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खणी में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्याप्त जल सेवन, सुरक्षित पेयजल, जल संरक्षण तथा जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए पोस्टर मेकिंग एवं भाषण (Declamation) प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जल संरक्षण और स्वास्थ्य में जल की महत्ता पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में दसवीं कक्षा की पूर्णिमा ने प्रथम, बारहवीं कक्षा के अर्शित ने द्वितीय तथा नौवीं कक्षा की कल्पना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

वहीं भाषण प्रतियोगिता में अंजलि प्रथम, भूमिका द्वितीय तथा स्मृति तृतीय स्थान पर रहीं।

प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को जल शक्ति विभाग उपमंडल भरमौर के सहायक अभियंता विवेक चंदेल द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों, विद्यालय स्टाफ तथा राजकीय प्राथमिक विद्यालय खणी के कर्मचारियों को जलपान भी वितरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान सहायक अभियंता ने विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, जलजनित रोगों से बचाव तथा जल संसाधनों के संरक्षण के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जल ही जीवन का आधार है और इसके संरक्षण के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

विद्यालय प्रशासन ने इस पहल के लिए जल शक्ति विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


Ghoghad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page