घोघड़, भरमौर (चम्बा), 22 जून : भरमौर पंचायत समिति भरमौर के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने जीत दर्ज करते हुए पंचायत समिति की बागडोर अपने हाथों में ले ली है। लघुसचिवालय भरमौर में सम्पन्न हुई इस प्रक्रिया में सांह वार्ड से निर्वाचित पूजा देवी को पंचायत समिति अध्यक्ष तथा गरोला वार्ड से निर्वाचित जय शंकर को उपाध्यक्ष चुना गया है।
भरमौर पंचायत समिति में 15 सदस्य हैं। अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के चुनाव में दोनों निर्वाचित प्रतिनिधियों को पंचायत समिति के कुल 12 सदस्यों का समर्थन प्राप्त हुआ। इनमें स्वयं पूजा देवी एवं जय शंकर के अतिरिक्त 10 अन्य सदस्यों ने उनके पक्ष में मतदान कर समर्थन दिया।
चुनाव परिणाम घोषित होते ही भरमौर मुख्यालय में उत्साह का माहौल देखने को मिला। पांगी-भरमौर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. जनक राज ने नव-निर्वाचित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का स्वागत करते हुए समर्थकों के साथ विजयी रैली निकाली। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने नारे लगाकर अपनी खुशी का इजहार किया।
नवनिर्वाचित पंचायत समिति अध्यक्ष पूजा देवी और उपाध्यक्ष जय शंकर ने सभी समर्थक सदस्यों तथा भाजपा परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन पर जताए गए विश्वास पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंचायत समिति के माध्यम से क्षेत्र के समग्र विकास, जनसमस्याओं के समाधान तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा।
भाजपा मंडलाध्यक्ष चौरासी, अंग्रेज कपूर ने अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित अन्य पंचायत समिति सदस्यों का भाजपा कार्यलय में स्वागत कर उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर विधायक डॉ. जनक राज ने दोनों पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में पंचायत समिति भरमौर विकास कार्यों को नई गति देगी तथा जनहित से जुड़े मुद्दों के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

