Ghoghad.com

घोघड़, भरमौर, 18 जून : स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छतराड़ी के समाजशास्त्र प्रवक्ता राजेंद्र ठाकुर ने गत बुधवार महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर घोषित को छतराड़ी से भरमौर तक लगभग 36 किलोमीटर की दूरी दौड़कर एक प्रेरणादायक मिसाल पेश की।

सुबह 6 बजे छतराड़ी से दौड़ शुरू करने वाले 48 वर्षीय राजेंद्र ठाकुर ने चढ़ाई भरे इस मार्ग को मात्र 4 घंटे में पूरा किया। भरमौर पहुंचकर उन्होंने ऐतिहासिक चौरासी मंदिर परिसर में माथा टेका और लोगों को नियमित व्यायाम एवं दौड़ के महत्व का संदेश दिया। इसके बाद वे वापस छतराड़ी लौट गए।

मूल रूप से पांगी घाटी के निवासी राजेंद्र ठाकुर प्रतिदिन कम से कम 10 किलोमीटर दौड़ लगाते हैं और स्थानीय लोगों, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते रहते हैं। उनका मानना है कि नियमित दौड़ और व्यायाम न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं बल्कि मानसिक क्षमता और कार्यकुशलता को भी बढ़ाते हैं।

राजेंद्र ठाकुर ने बताया कि वे छुट्टी के दिनों में अक्सर इस प्रकार के प्रयास करते रहते हैं। अब तक उनका व्यक्तिगत रिकॉर्ड लगातार 36 किलोमीटर तक दौड़ने का है। उनका दृढ़ विश्वास है कि “स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है और एक स्वस्थ विद्यार्थी ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ग्रहण कर सकता है।”

उन्होंने कहा कि आज के समय में बढ़ती स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और बदलती जीवनशैली के बीच नियमित शारीरिक गतिविधियां अत्यंत आवश्यक हैं। यदि युवा प्रतिदिन कुछ समय दौड़, पैदल चलने या व्यायाम के लिए निकालें तो वे अनेक बीमारियों से बच सकते हैं।

राजेंद्र ठाकुर का यह प्रेरणादायक कदम न केवल विद्यार्थियों बल्कि पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए एक आदर्श बनकर उभरा है। स्थानीय लोगों ने भी उनके इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में एक सकारात्मक पहल बताया।


Ghoghad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page