घोघड़, चम्बा, 18 जून। प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार आगामी 26 जून को जिला चम्बा में “एंटी चिट्टा दिवस” मनाया जाएगा। इस अवसर पर जिला, उपमंडल तथा पंचायत स्तर पर नशामुक्त एवं चिट्टा मुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
यह जानकारी अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा ने बुधवार को एंटी चिट्टा अभियान के संबंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने कहा कि चिट्टा जैसी नशीली प्रवृत्तियां केवल इसका सेवन करने वाले व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे समाज और देश के लिए गंभीर खतरा हैं। ऐसे में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशे के खिलाफ जनभागीदारी सुनिश्चित करना समय की आवश्यकता है।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि 26 जून को सभी विद्यालयों की प्रार्थना सभाओं में तथा सरकारी कार्यालयों में प्रातः 11 बजे एंटी चिट्टा शपथ ग्रहण करवाई जाएगी। इसके अतिरिक्त पंचायत स्तर पर भी जागरूकता सभाओं, रैलियों और अन्य गतिविधियों का आयोजन कर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने उपमंडल अधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। साथ ही नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों, युवा मंडलों और महिला मंडलों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशे के विरुद्ध प्रभावी जनजागरूकता पैदा करने में इन संस्थाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा इनके सहयोग से इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा सकता है।
बैठक में पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी, सहायक आयुक्त मनमोहन सिंह, एसडीएम चम्बा प्रियांशु खाती, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम सिंह भारद्वाज, जिला कल्याण अधिकारी मंजुल ठाकुर, ओएसडी (शिक्षा) उमाकांत, सहायक अभियंता जल शक्ति विभाग दीपक कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा जिले के विभिन्न उपमंडलों के उपमंडलाधिकारी (नागरिक) एवं तहसीलदार वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

