घोघड़,भरमौर, 18 जून : हाल में आए भूकंप के झटकों ने क्वारसी ग्राम पंचायत के स्कूल भवन की हकीकत सामने ला दी है। भूकंप के बाद प्राथमिक स्कूल की इमारत में बड़ी-बड़ी दरारें आ गई हैं। दीवारों और छत पर पड़े दरारों को देखकर अब अभिभावक बच्चों को स्कूल भेजने से डरने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह भवन करीब 1980 में बना था। 2001 में स्कूल को अपग्रेड तो कर दिया गया, लेकिन नया भवन नहीं बनाया गया। बीते 25 साल से प्राइमरी और अपग्रेड स्कूल इसी पुरानी इमारत में चल रहे हैं। भूकंप के बाद स्थिति और खराब हो गई है। दीवारों में चौड़ी दरारें और क्षतिग्रस्त हिस्से साफ दिख रहे हैं। इससे बच्चों और शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
ग्राम पंचायत प्रधान कमल किशोर और स्कूल प्रबंधन समिति ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित स्कूलों का तुरंत निरीक्षण किया जाए। जिन भवनों की हालत खराब है, वहां जल्द मरम्मत करवाई जाए और नए भवनों के निर्माण की प्रक्रिया तेज की जाए।अभिभावक अभिषेक कुमार, अनिल कुमार, बलवीत और विशाल ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सबसे जरूरी है। सरकार को इस मामले में तुरंत कदम उठाने चाहिए ताकि कोई अनहोनी न हो। क्षेत्रवासियों की लंबे समय से मांग है कि क्वारसी के स्कूलों को नए भवन मिलें। भूकंप ने अब इस मांग को और जरूरी बना दिया है।

