घोघड़, भरमौर(चम्बा) 18 जून : भरमौर मुख्यालय में हाई टेंशन बिजली तारें टूटकर सड़क पर गिरने की घटना सामने आई है। राष्ट्रीय उच्च मार्ग 154ए पर भरमौर मुख्यालय के सावनपुर नामक स्थान पर सड़क के ऊपर से गुजरती विद्युत लाइन वहां से गुजरते एक ट्रक से फंसकर टूट गई। हादसे में भले ही किसी को शारीरिक चोट न पहुंची हो परंतु सड़क से गुजरते स्कूली बच्चे व वाहन चालक तारों में दौड़ रहे हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आने से बाल-बाल बचे हैं।
विद्युत तारें टूटने से मुख्यालय के कुछ भागों में बिजली आपूर्ति ठप्प पड़ गई है।
घटना आज सुबह करीब 9.30 बजे की है जब भरमौर से चम्बा की ओर जा रहा एक ट्रक भरमौर से चम्बा की ओर जा रहा था इस दौरान सावनपुर नामक स्थान पर सड़क पर कम उंचाई पर टंगी तारें ट्रक से अटकने पर टूटकर सड़क पर आ गिरीं। घटना के समय बहुत से स्कूली बच्चे व अन्य लोग वहां से गुजर रहे थे। स्थानीय लोगों अमित, अभिषेक, बंटू ने बच्चों व वहां से गुजरने वाले लोगों को करंट के खतरे से सावधान करते हुए वहां से सड़क पार करने में मदद की। लोगों ने विद्युत विभाग को घटना से अवगत करवाया।
उन्होंने कहा कि इस स्थान पर बिजली की तारें टूटने की घटना पहली बार नहीं हुई है। इससे पहले भी कई बार वहां से गुजरती बसों से फंस कर टूट चुकी हैं। वे विद्युत विभाग से कई बार विद्युत तारों को इन्हें सुरक्षित ऊंचाई पर टांगने की मांग कर चुके हैं परंतु विभाग हर बार काम चलाऊ तरीके से काम करता रहा है जिससे बार-बार यह तारे टूटती व लोगों की जान को जोखिम में डाल रही हैं।
विभागीय कनिष्ठ अभियंता ने कहा कि उक्त स्थान पर स्थापित बिजली के खम्भों की ऊंंचाई कम है जिस कारण विद्युत तारें वाहन की चपेट में आई हैं। उन्होंने कहा कि बाधित लाइन को पुनः बहाल करने का कार्य जारी है। घटनास्थल पर अपेक्षाकृत ऊंचे खम्भे स्थापित करने की आवश्यकता है। अगर इस स्थान नए व ऊंचे खम्भे स्थापित किए जाएं तो समस्या का स्थाई समाधान हो सकता है।
लोगों ने सरकार व प्रशासन से मांग की है कि वे विद्युत विभाग को इस संदर्भ में तुरंत सहयोग प्रदान करें ताकि बार-बार विद्युत तारें टूटने की समस्या व जोखिम से छुटकारा मिल सके।

