Ghoghad.com

घोघड़, चम्बा/चुराह : चुराह उपमंडल के कल्हेल क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में पुलिस जांच लगातार आगे बढ़ रही है। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस इसे सुनियोजित वारदात मानकर विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

प्रारंभिक जांच के अनुसार मृतक युवक को उसके आवासीय क्वार्टर से जबरन साथ ले जाया गया था। इसके बाद उसे एक वाहन में बैठाकर अन्य स्थान पर ले जाने की बात सामने आई है। पुलिस को संदेह है कि युवक के साथ रास्ते में मारपीट की गई और बाद में उसे गंभीर अवस्था में नाले के समीप छोड़ दिया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

मामले की जांच के दौरान पुलिस को युवक के क्वार्टर से कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले। वहीं, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से एक संदिग्ध वाहन की पहचान की गई। इन्हीं तथ्यों के आधार पर पुलिस आरोपितों तक पहुंचने में सफल रही।

पुलिस ने इस मामले में दिलीप कुमार उर्फ राजू निवासी राह गुरकेर (कल्हेल), मुकेश कुमार निवासी बाग (डियूर) तथा याकेश कुमार निवासी हडला (सईंकोटी) को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपितों को सोमवार को तीसा न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस रिमांड के दौरान आरोपितों से विस्तृत पूछताछ की जाएगी। साथ ही वारदात से जुड़े विभिन्न तथ्यों और घटनाक्रम की पुष्टि के लिए उन्हें घटनास्थल पर भी ले जाया जा सकता है।

उधर, फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थल, संदिग्धों के ठिकानों, कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए वाहन तथा मृतक के क्वार्टर से विभिन्न नमूने एकत्र किए हैं। जांच के लिए संबंधित वाहन को भी कब्जे में लिया गया है।

गौरतलब है कि रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने चम्बा-तीसा मुख्य मार्ग पर स्थित कल्हेल पुल के नीचे एक युवक का शव पड़ा हुआ देखा। लोगों ने शव की सूचना स्थानीय पुलिस को दी । मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर मृतक की शिनाख्त प्रक्रिया आरम्भ की तो मृतक की पहचान हरविन्द्र सिंह पुत्र ऋषि, निवासी गांव राख (मलोगा) डाकघर कल्हेल तहसील चुराह जिला चम्बा के रूप में हुई। युवक की मौत की सूचना मिलते ही स्वजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने इसे दुर्घटना मानने से मना करते हुए हत्या की आशंका जताई।
इस दौरान स्वजनों के साथ स्थानीय लोगों ने हत्यारोपितों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए सड़क पर यातायात भी रोक दिया। डीएसपी रंजन शर्मा द्वारा लोगों को तथ्यों की जानकारी देकर शांत करवाया जिसके बाद यातायात बहाल किया गया।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मेडिकल कॉलेज चम्बा में फोरेंसिक विशेषज्ञों की निगरानी में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। उन्होंने कहा कि विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

 


Ghoghad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page