घोघड़,चम्बा/डलहौजी 11 अप्रैल : पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने चंबा दौरे के दौरान डलहौजी में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री इतने निष्ठुर और संवेदनहीन हो चुके हैं कि न उन्हें जनता की पीड़ा दिख रही है और न ही सुनाई दे रही है। उन्होंने कहा कि हिम केयर योजना ठप होने से आम जनता इलाज के लिए दर-दर भटक रही है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि मेडिकल कॉलेज चंबा में हिम केयर कार्ड मान्य न होने के चलते एक युवक को अपनी मां की पित्त की पथरी के ऑपरेशन के लिए उसकी सोने की बालियां गिरवी रखनी पड़ीं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या जनता को मुफ्त इलाज की सुविधा देना गुनाह था? उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने इस जनकल्याणकारी योजना को बंद कर दिया है और अस्पतालों को इसके लिए बजट नहीं दिया जा रहा।
नेता प्रतिपक्ष ने डलहौजी के तेलका में आयोजित भाजपा के सक्रिय सदस्य सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, “देवतुल्य जनता और कार्यकर्ताओं का उत्साह देखकर अभिभूत हूं। आप सभी इसी जोश के साथ पार्टी को मजबूत बनाते रहें।”
जयराम ठाकुर ने राज्य सचिवालय के बाहर दृष्टि दिव्यांगों के धरने का जिक्र करते हुए कहा कि कई दिनों से सड़क पर बैठे दिव्यांगों पर पुलिस लाठियां बरसा रही है, और मुख्यमंत्री को इनकी पीड़ा सुनने तक का समय नहीं है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगों पर बल प्रयोग कर उन्हें सड़क से हटाया जा रहा है और एक दिव्यांग युवक खाई में गिर गया, लेकिन मुख्यमंत्री ने हाल तक नहीं पूछा।
जयराम ठाकुर ने राज्य सचिवालय के बाहर मुख्यमंत्री से मिलने आए युवाओं के साथ हुए व्यवहार की भी निंदा की। उन्होंने कहा कि जब युवक मुख्यमंत्री से अपनी बात कहने आए तो उन्होंने न केवल उनकी बात नहीं सुनी, बल्कि युवक की नाराजगी का वीडियो पूरे देश ने देखा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार का झूठ और घोटालों से भरा शासन अब ज्यादा दिन नहीं टिकेगा। “अगर आज चुनाव हो जाएं तो कांग्रेस को दस सीटें भी न मिलें,” उन्होंने दावा किया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि यह सरकार जनता पर टैक्स का बोझ डालने में व्यस्त है, और मुख्यमंत्री के करीबी लोग दोनों हाथों से सरकारी खजाना लूट रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सरकार जनता की नहीं, अपनी तिजोरी की चिंता करती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश प्रगति कर रहा है और जनता ने भाजपा को तीसरी बार सेवा का मौका दिया है। हिमाचल में भी कांग्रेस अपनी झूठी गारंटियों से जनता का विश्वास खो चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा विपक्ष में रहते हुए भी जनता की आवाज बनेगी और हर पीड़ा के समय जनता के साथ खड़ी रहेगी।
इस दौरान उनके साथ डलहौजी के विधायक डी.एस. ठाकुर भी उपस्थित रहे।