Ghoghad.com

घोघड़, चम्बा, 04 मई 2026 : भरमौर क्षेत्र के विद्यालयों ने इस वर्ष 10+2 बोर्ड परीक्षा में सराहनीय प्रदर्शन करते हुए उत्कृष्ट परिणाम दर्ज किए हैं।

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भरमौर में कुल 82 विद्यार्थियों में से 78 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए, जिससे विद्यालय का कुल परीक्षा परिणाम 94 प्रतिशत रहा। विद्यालय की प्रधानाचार्य अरुणा ने जानकारी देते हुए बताया कि वाणिज्य संकाय में सूरज शर्मा ने 500 में से 473 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। विज्ञान संकाय में अहाना शर्मा ने 467 अंक लेकर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि मानविकी (Arts) संकाय में पल्लवी ने 458 अंक अर्जित कर प्रथम स्थान हासिल किया।

संकायवार परिणाम की बात करें तो कला संकाय में 41 विद्यार्थियों में से 2 अनुत्तीर्ण और 2 कम्पार्टमेंट में रहे, जबकि विज्ञान (31) और वाणिज्य (10) संकाय के सभी विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। विद्यालय प्रबंधन ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत और अध्यापकों की लगन को दिया है।

उधर, स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन भरमौर के अध्यक्ष कृष्ण पखरेटिया ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भरमौर  जोकि इस समय रावमापा भरमौर में समाहित हो चुका है,में केवल आर्टस संकाय की कक्षाएं संचालित होती थीं उसका  परिणाम भी उत्साहजनक रहा, जहां 26 छात्राओं में से 22 उत्तीर्ण हुईं, एक छात्रा की राजनीतिक विज्ञान विषय में कम्पार्टमेंट रही जबकि 03 छात्राएं अनुत्तीर्ण हुई। विद्यालय की अंशिका शर्मा ने 471 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि तमन्ना शर्मा (396 अंक) और स्वेता (389 अंक) ने क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया।

इसी तरह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खणी में 28 विद्यार्थियों में से 2 अनुत्तीर्ण रहे तथा 3 विद्यार्थियों को कम्पार्टमेंट(English-Arts, Chemistry-Science, Economics-Commerce)  आई है। विद्यालय में कशिश ने 430 अंक के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अर्नव ने 405 अंक लेकर द्वितीय स्थान हासिल किया।

क्षेत्र के इन उत्कृष्ट परीक्षा परिणामों से विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों में खुशी का माहौल है।


Ghoghad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page