घोघड़, चम्बा, 25 अप्रैल 2026 : जनाजातीय क्षेत्र भरमौर की ग्राम पंचायत खणी में भालू ने एक महिला पर झपटा मार दिया। भालू के इस हमले में तो महिला बच निकली लेकिन भालू ने महिला का पीछा नहीं छोड़ा। भालू जान बचाती महिला पर फिर हमला करने के लिए उसके पीछे भागा। शोर सुन आसपास के घरों से लोग निकल आए जिस कारण भालू जंगल में भाग गया।
प्राप्त जानकारी अनुसार माया देवी पत्नी सरोती राम निवासी गांव लमणौता ग्राम पंचायत खणी आज सुबह करीब 08 बजे अपने पशुओं को लेकर जा रही थी तो गांव के पास ही भालू ने उस पर हमला कर दिया। गांव निवासी दीपक जम्वाल ने बताया कि उस समय वह गांव के आवासीय घरों के पास ही थी इसलिए उसके चीखने की आवाज से तुरंत लोग सहायता के लिए पहुंच गए। लोगों की तत्काल सहायता से महिला को बचा लिया गया है ।
उन्होंने कहा कि इनसानों पर भालुओं के हमलों के लिए खणी पंचायत बहुत संवेदनशील है। पंचायत के गांवों के आस-पास लगातार भालू मंडराते रहते हैं परंतु वन विभाग व प्रशासन को लोगों के जीवन की जरा भी परवाह नहीं हैं। कुछ माह पूर्व भालू ने इसी पंचायत में एक महिला को मार डाला था जिसके उपरांत भालू को पकड़ने के लिए वन विभाग ने पिंजरा भी लगाया था परंतु भालू हाथ न लगा।
लोगों के जीवन पर अभी भी लगातार खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने व स्थानीय लोगों ने प्रशासन व वन विभाग से मांग की है हिंसक पशुओं पर लोगों के जीवन के महत्व व प्राथमिकता देते हुए क्षेत्र के लोगों सुरक्षा प्रदान की जाए।

