घोघड़, भरमौर, 08 मई 2026 : विकास खंड भरमौर में पंचायती राज संस्थाओं के आगामी चुनावों को लेकर नामांकन प्रक्रिया लगातार जारी है। प्रशासन की ओर से नामांकन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार 08 मई 2026 तक विकास खंड की विभिन्न पंचायतों में कुल 213 नामांकन पत्र दाखिल किए जा चुके हैं। इनमें प्रधान पद के लिए 44, उप प्रधान पद के लिए 46 तथा वार्ड सदस्य पद के लिए 123 नामांकन शामिल हैं।
वहीं नामांकन प्रक्रिया के प्रथम दो दिनों अर्थात 07 एवं 08 मई 2026 तक कुल 435 नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं। पदवार प्राप्त नामांकन में प्रधान पद हेतु 90, उप प्रधान पद हेतु 91, वार्ड सदस्य पद हेतु 208, पंचायत समिति सदस्य पद हेतु 43 तथा जिला परिषद सदस्य पद हेतु 03 नामांकन पत्र शामिल हैं।
नामांकन पत्र दाखिल करने वालों में से लोगों की दृष्टि मुख्य रूप से भाजपा समर्थित प्रत्याशियों के नामांकन के दौरान उपस्थित होने वाले प्रभावशाली लोगों पर थी। स्थानीय विधायक डॉ जनक राज ने जिला परिषद वार्ड किलोड़ से लीला शर्मा व जिला परिषद वार्ड खणी से प्रत्याशी राकेश जरयाल के नामांकन पत्र दाखिल करते समय अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद विधायक ने प्रत्याशियों व कार्यकर्ताओं के साथ एक बैठक भी की। इस दौरान जिला परिषद वार्ड सुनारा से भाजपा समर्थित प्रत्याशी सूरज शर्मा, जिला भाजपा महा सचिव विनोद ठाकुर, भाजपा के तीनों मंडलाध्यक्ष व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान विभिन्न पंचायतों में प्रत्याशियों एवं समर्थकों में उत्साह देखने को मिल रहा है। निर्वाचन अधिकारी विकास शर्मा ने बताया कि सभी नामांकन केंद्रों पर सुरक्षा, दस्तावेज सत्यापन तथा अन्य व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जा रही हैं ताकि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

