घोघड़, बटाला, 19 मार्च : हिमाचली लोगों के खिलाफ अपराधों के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, खासकर पड़ोसी राज्य पंजाब में। ताजा घटना पंजाब के बटाला से सामने आई है, जहां लूटपाट के दौरान हिमाचल प्रदेश के एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के फतेहपुर क्षेत्र के नगाल गांव निवासी केवल कुमार (40) और रवि कुमार (36) बटाला स्थित एक पेट्रोल पंप पर काम कर रहे थे। रविवार रात दो बदमाश बाइक पर सवार होकर वहां पहुंचे। पहले उन्होंने पेट्रोल भरवाया और फिर लूटपाट की कोशिश की। जब केवल कुमार ने उनका विरोध किया, तो बदमाशों ने उसे गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर रवि कुमार बाहर आया, तो बदमाशों ने उस पर भी फायरिंग कर दी।
घायल अवस्था में दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने केवल कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि रवि कुमार का इलाज जारी है। इस घटना के बाद इलाके में भय का माहौल बना हुआ है।
केवल कुमार की मृत्यु से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। उनकी असामयिक मौत से परिवार सदमे में है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे बदमाशों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस वारदात ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर हिमाचल प्रदेश से काम के लिए बाहर जाने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्या कदम उठाए जा सकते हैं।