Ghoghad.com

घोघड़, भरमौर, 21 मई, 2026 : चम्बा जिला के जनजातीय उपमंडल भरमौर मुख्यालय में पिछले तीन दिनों से सीवर चैम्बर फूटने से गंदगी सड़क मार्ग पर बह रही है। जिससे सड़क पर से पैदल गुजरना मुश्किल हो गया है।

भरमौर मुख्यालय के पुराना बस अड्डा के पास ओवर फ्लो हुए सीवर चैम्बर की गन्दगी सड़क पर फैल रही है। सड़क से गुजरते वाहनों के कारण यह गंदगी के छींटे पास के रेस्तरां व अन्य खाद्य सामग्री की दुकानों तक पहुंच रहे हैं। वहीं इस स्थान से गुजरने वाले पैदल यात्रियों व स्कूली बच्चों के लिए गंदगी भरी सड़क से स्वच्छ रहते हुए पार पाना मुश्किल हो रहा है।

स्थानीय लोगों ने कहा कि पिछले दो दिनों से वे जल शक्ति विभाग के अधिकारियों से इस समस्या का समाधान करने को कहा  परंतु तीन दिन से विभाग की ओर से कोई कार्यवाही नहीं की गई है।

लोगों का कहना है कि इस गंदगी भरे रास्ते को पार करने के बाद उन्हें घर पर कपड़े व जूते धोने पड़ रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि लोगों को इस समस्या से तुरन्त निजात दिलाई जाए।

गौरतलब है कि क्षेत्र में कई सीवेज लाइन के कई कार्य इसलिए रुके हुए हैं क्योंकि सीवर लाइन में रिसाव होने के बाद विभाग कई-कई दिनों तक इसे ठीक नहीं करवाता जिससे भूमि मालिकों व आसपास के घरों को भारी नुकसान होता है। विभागीय लापरवाह कार्यशैली के कारण लोग अपनी भूमि से सीवर लाइन डालने से गुरेज करते हैं। विभाग अगर अपनी कार्यशैली को जनहित के अनुरूप बनाए तो लोगों का भरोसा जीता जा सकता है अन्यथा इस प्रकार तो कई-कई दिनों तक सीवर लाइन रिसाव से लोगों को परेशान  होना पड़ेगा।

उधर इस बारे में सहायक अभियंता जल शक्ति विभाग भरमौर विवेक चंदेल ने कहा कि उन्होंने इस बाधित सीवर लाईन की मरम्मत हेतु कर्मचारी भेज दिए हैं । कुछ समय में ही इस समस्या का समाधान कर लिया जाएगा।


Ghoghad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page