घोघड़, भरमौर, 17 मई 2026 : पंचायती राज चुनाव 2026 के दौरान विकास खंड भरमौर की ग्राम पंचायत कुआरसी का हेलंग वार्ड इस बार विशेष चर्चा का विषय बन गया है। वार्ड सदस्य पद के लिए अंतिम रूप से कोई भी प्रत्याशी चुनाव मैदान में नहीं बचा है, जिसके चलते इस वार्ड में चुनाव प्रक्रिया नहीं हो सकेगी।
जानकारी के अनुसार यह वार्ड अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित है। इस पद के लिए एक उम्मीदवार ने नामांकन पत्र दाखिल किया था, लेकिन आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न कर पाने के कारण उसका नामांकन पत्र जांच प्रक्रिया के दौरान निरस्त कर दिया गया। इसके बाद वार्ड सदस्य पद के लिए कोई भी वैध उम्मीदवार शेष नहीं रहा।
निर्वाचन अधिकारी भरमौर विकास शर्मा ने बताया कि पूरे मामले की रिपोर्ट राज्य निर्वाचन विभाग को भेजी जाएगी। विभाग से आगामी दिशा-निर्देश प्राप्त होने तक इस वार्ड का कोई आधिकारिक जनप्रतिनिधि नहीं रहेगा। क्षेत्र में इस प्रकार की स्थिति पहली बार सामने आई है, जब पंचायत चुनाव के किसी पद पर एक भी प्रत्याशी चुनाव में नहीं रह गया हो।
इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में उत्सुकता और चर्चा का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि वे इस पद पर सर्वसम्मति से प्रतिनिधि चुनना चाहते थे, लेकिन नामांकन रद्द होने के कारण स्थिति बदल गई। भरमौर विकास खंड के पश्चिमी छोर पर स्थित कुआरसी पंचायत सामाजिक एकता और सामूहिक सहयोग के लिए जानी जाती रही है। स्थानीय निवासियों ने कहा कि जब तक हेलंग वार्ड में चुनाव नहीं हो जाते, तब तक पूरी ग्राम पंचायत मिलकर इस वार्ड के विकास और आवश्यक कार्यों में बराबर सहभागिता निभाएगी।

