Ghoghad.com

 घोघड़, चम्बा, 17 मई 2026 : पंचायती राज चुनाव 2026 के तहत विकास खंड भरमौर में कई पंचायतों में निर्विरोध चुनावों की तस्वीर साफ होने लगी है।

ग्राम पंचायत तुंदाह में प्रधान पद के लिए केवल एक ही नामांकन पत्र दाखिल होने के चलते पुरुषोत्तम कुमार का निर्विरोध प्रधान चुना जाना तय माना जा रहा है। वहीं ग्राम पंचायत ग्राउंडा में शेर सिंह तथा ग्राम पंचायत नयाग्रां में कुलदीप कुमार निर्विरोध रूप से उप प्रधान चुने गए हैं। इन निर्विरोध चुनावों से संबंधित पंचायतों में समर्थकों व ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।

इसके अतिरिक्त विकास खंड की विभिन्न पंचायतों में कुल 45 वार्ड सदस्य भी निर्विरोध चुने गए हैं। नामांकन वापसी प्रक्रिया के बाद कई पंचायतों में मुकाबले की स्थिति समाप्त हो गई, जिससे अनेक उम्मीदवार बिना मतदान के ही विजयी घोषित होने की ओर बढ़ गए हैं।

गौरतलब है कि कुछ पंचायतों में सर्वसम्मति से प्रतिनिधि चुनने के लिए केवल एक व्यक्ति को ही नामांकन के लिए आगे बढ़ाया गया जबकि एक से अधिक नामांकन पत्र दाखिल किए जाने के स्थिति में कुछ पंचायतों में लोगों ने एक उम्मीदवार का सार्वजनिक समर्थन करके अन्य प्रत्याशियों को नामांकन पत्र वापिस लेने के लिए मजबूर कर दिया है।

ग्रामीण क्षेत्रों में निर्विरोध चुनावों को आपसी सहमति और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पंचायतों में विकास कार्यों को गति देने के लिए सामूहिक सहमति से प्रतिनिधियों का चयन सकारात्मक संकेत है।

 


Ghoghad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page