Ghoghad.com

घोघड़, हमीरपुर, 09 जून 2026 : उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की अध्यक्ष गंधर्वा राठौड़ ने आगामी मॉनसून सीजन को देखते हुए सभी विभागों को आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के साथ आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंस के बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में कहा कि बाढ़, जलभराव और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों को चिन्हित कर मशीनरी एवं संसाधनों को तैयार रखा जाए।

उपायुक्त ने सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में संवेदनशील स्थलों की पहचान करने तथा लोक निर्माण विभाग सहित अन्य विभागों की मशीनरी की मैपिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि होमगार्ड, पुलिस एवं स्थानीय स्वयंसेवकों की टीमें आवश्यक उपकरणों सहित तैयार रहें।

बैठक में सूखे एवं खतरनाक पेड़ों को हटाने, नालों और नालियों की सफाई, पेयजल स्रोतों की स्वच्छता तथा आवश्यक दवाइयों एवं खाद्य सामग्री के पर्याप्त भंडारण पर भी जोर दिया गया। वन विभाग द्वारा चिन्हित लगभग 450 खतरनाक पेड़ों को हटाने के लिए संयुक्त कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने कहा कि 20 जून तक विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा तथा मौसम संबंधी चेतावनियों और एडवाइजरी को तुरंत आम लोगों तक पहुंचाया जाए। किसी भी प्रकार की आपदा या नुकसान की सूचना तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को दी जाए। इसके लिए टोल फ्री नंबर 1077 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

बैठक में एडीसी अभिषेक गर्ग, एसपी बलवीर सिंह, एसडीएम संजीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।


Ghoghad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page