घोघड़, चम्बा, 8 जून 2026 : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चंबा के सचिव एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एकांश कपिल ने बताया कि आम लोगों को न्याय सुलभ बनाने के लिए राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण (नालसा) ने कई महत्वपूर्ण योजनाएं आरंभ की हैं । इन योजनाओं में मुफ्त कानूनी सहायता योजना सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि इसी क्रम में नालसा ने बच्चों के लिए भी चाइल्ड फ्रेंडली लीगल सर्विसेज फॉर चिल्ड्रेन स्कीम 2024 आरंभ की है, जिसके तहत हर बच्चे के लिए मुफ्त कानूनी सहायता का प्रावधान किया गया है ।
वहीं बच्चों को जानकारी पाने का अधिकार, अपना पक्ष रखने तथा उसके पक्ष को गंभीरता से सुनने तथा गोपनीयता का अधिकार दिया गया है। उन्होंने बताया की मुफ्त कानूनी सहायता के लिए नालसा ने टोल फ्री नंबर 15100 पर हेल्पलाइन आरंभ की है । इसके अलावा चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर भी संपर्क किया जा सकता है, जबकि दिव्यांगो को भी मुफ्त कानूनी सहायता उपलब्ध करवाने के लिए 14456 हेल्पलाइन नंबर आरंभ किया है ।

