Ghoghad.com

घोघड़, भरमौर, 06 जून 2026 : पंचायत समिति भरमौर के नव-निर्वाचित 15 सदस्यों ने शनिवार को लघु सचिवालय भरमौर में आयोजित समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। उपमंडलाधिकारी (ना.) भरमौर विकास शर्मा ने सभी सदस्यों को शपथ दिलाते हुए निष्पक्षता, पारदर्शिता तथा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

शपथ ग्रहण समारोह के साथ ही पंचायत समिति भरमौर में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। हालांकि राज्य सरकार ने अभी इन पदों के चुनाव की तिथि घोषित नहीं की है, लेकिन संभावित दावेदारों और उनके समर्थकों ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है।

राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि पंचायत समिति के 15 सदस्यों में से 13 को भारतीय जनता पार्टी समर्थित माना जा रहा है। संख्या बल के आधार पर भाजपा समर्थित सदस्यों का पलड़ा मजबूत दिखाई दे रहा है, लेकिन यही बहुमत पार्टी के लिए चुनौती भी बनता नजर आ रहा है। सूत्रों के अनुसार अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए कई सदस्य स्वयं को दावेदार मान रहे हैं, जिसके चलते समर्थकों के बीच अपने-अपने पसंदीदा उम्मीदवारों के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिशें शुरू हो गई हैं।

सोशल मीडिया पर भी विभिन्न पंचायत समिति सदस्यों के समर्थक उन्हें अध्यक्ष अथवा उपाध्यक्ष पद के लिए उपयुक्त बताते हुए अभियान चला रहे हैं। राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि चुनाव तिथि की घोषणा होते ही गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।

गौरतलब है कि पूर्व में पंचायत समिति के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के चयन में क्षेत्रीय राजनीतिक नेतृत्व की महत्वपूर्ण भूमिका रहती आई है। इस बार भी सभी की निगाहें भरमौर-पांगी के विधायक डॉ. जनक राज तथा भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं की रणनीति पर टिकी हुई हैं। हालांकि पार्टी के भीतर विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों के समर्थन को लेकर अलग-अलग दावों की चर्चा भी सामने आ रही है।

इस बीच भरमौर-पांगी के विधायक डॉ. जनक राज ने 13 पंचायत समिति सदस्यों के साथ अपनी एक सामूहिक तस्वीर साझा की है। उन्होंने दावा किया कि ये सभी भाजपा समर्थित सदस्य हैं तथा पंचायत समिति भरमौर के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर भी भाजपा समर्थित उम्मीदवार ही निर्वाचित होंगे।


Ghoghad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page