Ghoghad.com

घोघड़, चम्बा, 05 जून 2026 : जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत जिला चम्बा में भवन सूचीकरण एवं आवास गणना का कार्य 16 जून 2026 से शुरू होकर 15 जुलाई 2026 तक संचालित किया जाएगा। यह जानकारी उपायुक्त एवं जिला जनगणना अधिकारी मुकेश रेपसवाल ने दी।

उन्होंने बताया कि इस कार्य के सफल संचालन के लिए जिला चम्बा को 22 विभिन्न क्षेत्रों में विभाजित किया गया है। भवन सूचीकरण एवं आवास गणना का कार्य जिले की 16 तहसीलों एवं उप-तहसीलों के साथ-साथ 2 नगर परिषदों, 2 नगर पंचायतों तथा 2 छावनी क्षेत्रों सहित सभी क्षेत्रों में किया जाएगा। इसके लिए प्रगणन अधिकारियों और पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है।

उपायुक्त ने बताया कि जनगणना कार्य को सुचारू रूप से संपन्न करने के लिए जिले में लगभग 1400 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न चरणों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अब तक 32 फील्ड प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न प्रशिक्षण बैचों में लगभग 200 प्रगणन अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित किया जा चुका है, जबकि शेष अधिकारियों और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण 12 जून तक पूरा कर लिया जाएगा।

सितंबर में दुर्गम क्षेत्रों में होगी जनगणना

उन्होंने बताया कि जनगणना के दूसरे चरण में 11 से 30 सितंबर 2026 के बीच जिले के शीतकालीन एवं दुर्गम क्षेत्रों, जिनमें भरमौर, पांगी, होली तथा अन्य दूरस्थ क्षेत्र शामिल हैं, में जनगणना कार्य संपन्न किया जाएगा। इस दौरान लगभग 1050 गांवों को कवर किया जाएगा।

इसके बाद जिले के शेष क्षेत्रों में जनगणना का कार्य 9 से 28 फरवरी 2027 तक संचालित होगा। वहीं, 1 से 5 मार्च 2027 तक पुनर्निरीक्षण चरण आयोजित किया जाएगा, ताकि किसी भी छूटी हुई जानकारी का सत्यापन और अद्यतन किया जा सके।

जानकारी रहेगी पूर्णतः गोपनीय

उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने कहा कि जनगणना के दौरान एकत्रित की जाने वाली सभी सूचनाएं पूर्णतः गोपनीय रखी जाएंगी तथा उनका उपयोग केवल सांख्यिकीय, नीतिगत और योजनागत उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।

उन्होंने जिले के सभी नागरिकों से अपील की कि वे जनगणना के दौरान सही, सटीक और पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाएं, ताकि सरकार की विकास योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ पात्र लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके।

पहली डिजिटल जनगणना, स्व-गणना की भी सुविधा

उपायुक्त ने बताया कि जनगणना 2027 देश की पहली डिजिटल जनगणना है, जिसके अंतर्गत नागरिकों को स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा भी प्रदान की गई है। यह सुविधा 1 जून से 15 जून 2026 तक उपलब्ध रहेगी।

नागरिक जनगणना स्व-गणना पोर्टल पर लॉगिन कर अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से सही एवं प्रमाणिक जानकारी दर्ज कर इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने का आग्रह किया।


Ghoghad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page