घोघड़, भरमौर, 30 जून 2026 : शिक्षा का अधिकार अधिनियम के अंतर्गत निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार को भरमौर उपमंडल के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भरमौर तथा राजकीय उच्च पाठशाला घरेड़ में स्कूल प्रबंधन समितियों (एसएमसी) का गठन किया गया। प्रदेशभर के विद्यालयों में एसएमसी गठन की अंतिम तिथि होने के चलते दोनों विद्यालयों में अभिभावकों की उपस्थिति में समिति गठन की प्रक्रिया संपन्न हुई।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भरमौर की एसएमसी सदस्य सचिव एवं प्रधानाचार्य अरुणा चाढ़क ने बताया कि विद्यालय में 20 सदस्यीय स्कूल प्रबंधन समिति का गठन किया गया। सर्वसम्मति से मनोज ठाकुर को अध्यक्ष तथा बबली देवी को उपाध्यक्ष चुना गया।
समिति में गुड्डी देवी, राखी, आशा, पूजा देवी, रीना देवी, गुलाब सिंह, जगदीश चाढ़क, सतीश चौहान, सुदर्शन कुमार, माया देवी, कुमारी स्टैफी, इंदिरा देवी, पूर्व प्रधान ग्राम पंचायत भरमौर अनिल कुमार, सुरजीत कुमार, नीलम ठाकुर, कुलभूषण तथा अशोक कुमार को सदस्य बनाया गया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनोज ठाकुर ने कहा कि समिति विद्यालय की उन्नति, विद्यार्थियों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विद्यालय के विकास से जुड़े सभी कार्यों में पारदर्शिता एवं सभी हितधारकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
प्रधानाचार्य एवं सदस्य सचिव अरुणा चाढ़क ने नवगठित समिति को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि सभी सदस्य विद्यालय के समग्र विकास और विद्यार्थियों के हित में मिलकर कार्य करेंगे।
उधर, राजकीय उच्च पाठशाला घरेड़ में भी अभिभावकों की सहमति से स्कूल प्रबंधन समिति का पुनर्गठन किया गया। विद्यालय के मुख्याध्यापक पंजाब सिंह ने बताया कि सर्वसम्मति से गुलाब सिंह को अध्यक्ष तथा सपना देवी को उपाध्यक्ष चुना गया। विद्यालय में 12 सदस्यीय एसएमसी कार्यकारिणी का गठन किया गया। मुख्याध्यापक ने इस अवसर उपस्थित सभी अभिभावकों का समिति गठन प्रक्रिया में भाग लेने व स्कूल विकास में योगदान हेतु धन्यवाद किया।
