Ghoghad.com

घोघड़, भरमौर, 18 जून : ग्राम पंचायत पूलन के प्रधान अंग्रेज कपूर ने सूंकू टप्परी–थळा–सुप्पा सड़क मार्ग पर बार-बार हो रहे भूस्खलन और सड़क पर गिरे मलबे की समस्या को लेकर लोक निर्माण विभाग मंडल भरमौर के कार्यवाहक अधिशासी अभियंता भल चंद ठाकुर को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग उठाई है।

प्रधान अंग्रेज कपूर ने ज्ञापन में कहा है कि 24, 25 और 26 अगस्त 2025 को हुई भारी वर्षा के दौरान सूंकू टप्परी से थळा तथा थळा से सुप्पा सड़क मार्ग के कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ था, जिसके कारण सड़क पर भारी मात्रा में मलबा जमा हो गया और इससे छोटे वाहनों के लिए बनाए गए पासिंग प्लेस प्रभावित हुए हैं, जबकि बड़े वाहनों, बसों और ट्रकों की आवाजाही भी जोखिमपूर्ण बनी हुई है।

ज्ञापन में कहा गया है कि सड़क के ऊपरी हिस्सों से लगातार पत्थर और मलबा गिरने की आशंका बनी रहती है, जिससे भविष्य में किसी भी समय दुर्घटना घट सकती है। ऐसे में सड़क के ऊपर स्थित ढीले पत्थरों और मलबे को वैज्ञानिक तरीके से हटाने तथा संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने की आवश्यकता है।

प्रधान ने  कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित व देखरेख वाली सड़क के दोनों किनारों पर बनाई जाने वाली नालियों तथा व्हाइट लाइन से संबंधित कुछ कार्य अब भी अधूरे पड़े हैं। लोक निर्माण विभाग जिम्मेदार कम्पनी से इन कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा करवाए। ताकि बरसात के मौसम में जल निकासी सुचारु बनी रहे और सड़क को नुकसान न पहुंचे।

अंग्रेज कपूर ने कहा कि सड़क किनारे जमा मलबे को हटाकर डंपिंग साइट तक पहुंचाया जाए, ताकि सड़क मार्ग सुरक्षित और सुचारु बना रहे।

उन्होंने लोक निर्माण विभाग से मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाने से क्षेत्रवासियों तथा इस मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी और भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना की संभावना को भी टाला जा सकेगा।


Ghoghad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page