Ghoghad.com

घोघड़, शिमला, 16 मई : नगर परिषद रोहड़ू के चुनाव इस बार महिला सशक्तिकरण की नई मिसाल पेश करने जा रहे हैं। चुनाव प्रक्रिया के प्रत्येक चरण — मतदान केंद्रों के संचालन से लेकर मतगणना तक — की जिम्मेदारी महिला कर्मचारियों को सौंपी गई है।

रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम रोहड़ू धर्मेश रामौत्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि चुनाव कार्य को व्यवस्थित और पारदर्शी ढंग से पूरा करने के लिए महिला कर्मचारियों की विशेष टीमें गठित की गई हैं। मतगणना के लिए कुल छह टीमों का गठन किया गया है, जिनमें प्रत्येक टीम में एक काउंटिंग सुपरवाइजर, एक काउंटिंग असिस्टेंट और एक माइक्रो ऑब्जर्वर को शामिल किया गया है। इनमें से तीन टीमें प्रत्यक्ष रूप से मतगणना कार्य संभालेंगी, जबकि शेष टीमों को रिजर्व रखा गया है।

मतगणना प्रक्रिया को सुचारू बनाने के उद्देश्य से महिला कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण एवं रिहर्सल कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें मतगणना की तकनीकी प्रक्रियाओं, परिणाम तैयार करने तथा निर्वाचन संबंधी जरूरी नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न हो सके।

उन्होंने कहा कि महिलाओं को चुनाव जैसी जिम्मेदार प्रशासनिक प्रक्रिया में नेतृत्व देना उनकी क्षमता, अनुशासन और कार्यकुशलता को दर्शाता है। आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी योग्यता साबित कर रही हैं और लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को मजबूती देने में अहम भूमिका निभा रही हैं।

विशेष बात यह है कि नगर परिषद रोहड़ू के सभी नौ वार्डों में स्थापित मतदान केंद्रों पर भी महिला कर्मचारी ही चुनाव ड्यूटी निभाएंगी। इसके लिए करीब 80 महिला कर्मचारियों की तैनाती की गई है।

प्रशासन को उम्मीद है कि महिला कर्मचारियों की जिम्मेदारीपूर्ण कार्यशैली और समर्पण से नगर परिषद रोहड़ू के चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सफलतापूर्वक संपन्न होंगे।


Ghoghad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page