Ghoghad.com

घोघड़, चम्बा, 13 अप्रैल : कल 14 अप्रैल को भरमौर की कुगती घाटी स्थित प्रसिद्ध कार्तिक देवता के द्वार 135 दिनों बाद पुनः खुलने वाले हैं। इस दौरान मंदिर में होने वाली अनोखी परम्परा को देखने के लिए प्रदेश व पड़ोसी राज्य के सैकड़ों श्रद्धालु भरमौर मुख्यालय पहुंच चुके हैं। श्रद्धालुओं के आगमन से क्षेत्र में वाहनों की कतारें लग गई हैं। बहुत से श्रद्धालु कुगती गांव भी पहुंच चुके हैं जो आज रात वहां होने वाले शिव नुआळे में भाग लेंगे जबकि बहुत श्रद्धालु भरमौर मुख्यालय में रात्रि ठहराव करने के बाद कल सुबह कार्तिक मंदिर की ओर रवाना होंगे।

यात्रियों के उत्साह को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्थित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस कर्मियों की तैनाती कर दी है।पुलिस कर्मी आज भरमौर में वाहनों की बढ़ी संख्या के कारण ट्रैफिक को व्यवस्थित करते नजर आए। 

उधर यात्रियों की सुविधा हेतु स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मंदिर परिसर के पास मेडिकल कैंप स्थापित कर दिया है। खंड चिकित्सा अधिकारी दीपेश बराल ने कहा कि कार्तिक मंदिर परिसर के पास स्वास्थ्य कर्मियों का छः सदस्यीय दल श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए तैनात किया गया है।

मंदिर के यात्रा मार्ग में व्यवस्थाओं की पड़ताल करने स्थानीय विधायक डॉ जनक राज भी कुगती की ओर रवाना हो गए हैं।

अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर विकास शर्मा ने कहा कि यात्रा सड़क मार्ग संकरा है इसलिए यात्री निजी वाहनों के बजाए नागरिक परिवहन (पब्लिक ट्रांसपोर्ट) सेवा का उपयोग करें ताकि परेशानी से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि सामान्य रूट की बसों के साथ-साथ यात्रा मार्ग पर दो अतिरिक्त बसें यात्रियों के आवागमन हेतु चलाई जा रही हैं।


Ghoghad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page