घोघड़, चम्बा, 02 फरवरी 2026 : जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अंतर्गत जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (डीईओसी) चम्बा द्वारा सोमवार सायं 4 बजे जारी स्थिति रिपोर्ट के अनुसार जिले में मौसम आंशिक रूप से बादल छाया रहा। चम्बा, डलहौजी, तीसा, सलूणी, भरमौर, पांगी और भटियात सभी उपमंडलों में मौसम सामान्य रहा है ।
लोक निर्माण विभाग की रिपोर्ट के अनुसार चम्बा–भरमौर और चम्बा–पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग यातायात के लिए खुले हुए हैं। हालांकि जिले की विभिन्न उपमंडलों में कुल 36 सड़कें अवरुद्ध पाई गईं, जिनमें से 10 सड़कों को बहाल कर दिया गया है, जबकि 26 सड़कों पर अभी यातायात बहाल होना शेष है। सबसे अधिक 22 सड़कें पांगी उपमंडल में अवरुद्ध हैं, जिनमें से केवल 3 ही बहाल हो सकी हैं।
विद्युत आपूर्ति की स्थिति पर नजर डालें तो हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड के अंतर्गत जिले में कुल 69 डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मर (डीटीआर) प्रभावित हुए थे। इनमें से 52 डीटीआर बहाल कर दिए गए हैं, जबकि 17 डीटीआर अभी भी बंद हैं। भरमौर उपमंडल में सर्वाधिक 14 डीटीआर बहाली के लिए लंबित हैं ।
जल शक्ति विभाग के अनुसार जिले में कुल 6 पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई थीं, जिनमें से 2 योजनाएं बहाल कर दी गई हैं। भरमौर उपमंडल में 4 पेयजल योजनाएं अभी भी प्रभावित हैं, जिनकी बहाली का कार्य जारी है।
प्रमुख सड़कों की स्थिति के अनुसार चम्बा–पठानकोट, चम्बा–भरमौर, चम्बा–खज्जियार (गेट मार्ग), चम्बा–होली, चम्बा–सलूणी, चम्बा–तीसा और चम्बा–भटियात (जोत मार्ग) सड़कों पर यातायात सुचारू है। वहीं बनीखेत–डलहौजी–खज्जियार मार्ग (लकड़मंडी के रास्ते) को बंद किया गया है, जबकि चम्बा–पांगी सड़क (साच पास के रास्ते) भारी बर्फबारी के कारण बंद पड़ी हुई है ।
जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को शेष सड़कों, बिजली और पेयजल योजनाओं को शीघ्र बहाल करने के निर्देश दिए हैं, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

