घोघड़, चम्बा 24 मई : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा मंडल स्तर पर ‘तिरंगा यात्रा’ का आयोजन हाल ही में सफल हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाने और भारतीय सेना के शौर्य का सम्मान करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। इस कड़ी में आज भाजपा मंडल भरमौर सदर द्वारा भी तिरंगा यात्रा निकाली गई।
भाजपा मंडलाध्यक्ष अंग्रेज कपूर के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं सावनपुर से चौरासी मंदिर परिसर तक रैली निकाली। रैली में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता, सेना के शौर्य के नारे लगाए गए।
इस रैली के विषय में जानकारी देते हुए भाजपा मंडलाध्यक्ष अंग्रेज कपूर ने कहा कि पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवादियों द्वारा पहलगांव में भारतीय नागरिकों की हत्या पश्चात भारत द्वारा किए गए सैन्य अभियान ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना ने पाकिस्तान में स्थित नौ आतंकी ठिकानों को मात्र 23 मिनट में नष्ट कर दिया, जिससे लगभग 100 आतंकियों की मौत हुई।
उन्होंने कहा कि भाजपा इस यात्रा के माध्यम से देशवासियों में राष्ट्रप्रेम और एकता की भावना को जागृत करना चाहती है। यह यात्रा मंडल स्तर पर भारतीय सेना के साहस और बलिदान को सम्मानित करने के लिए आयोजित की जा रही है।
अंग्रेज कहूर ने कहा कि भाजपा द्वारा मंडल स्तर पर ‘तिरंगा यात्रा’ का आयोजन ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता का जश्न मनाने, भारतीय सेना के शौर्य का सम्मान करने, और देशवासियों में राष्ट्रप्रेम और एकता की भावना को प्रबल करने के उद्देश्य से किया गया है। इस यात्रा के माध्यम से पार्टी ने राष्ट्रीय सुरक्षा और सैन्य बलों के प्रति समर्थन का संदेश देने का प्रयास किया है।