Ghoghad.com

घोघड़, चम्बा, 02 मई 2026 : पार्टी ने जिला कांग्रेस चम्बा संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से ब्लॉक स्तर पर संगठन सृजन अभियान शुरू करने की घोषणा की है। इस अभियान के तहत प्रत्येक ब्लॉक में 31 पदाधिकारियों की कमेटी का गठन किया जाएगा। इस संबंध में सभी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी (BCC) अध्यक्षों को विस्तृत दिशा-निर्देश पत्र के माध्यम से जारी कर दिए गए हैं।

जिला कांग्रेस चम्बा अध्यक्ष एडवोकेट सुरजीत शर्मा भरमौरी ने बताया कि 15 मई तक सभी ब्लॉकों में संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत कार्यकारिणी का गठन अनिवार्य रूप से पूरा करना होगा। इसके लिए हर ब्लॉक में जनरल हाउस बुलाना जरूरी होगा, जिसकी तिथि 5 मई से पहले तय कर संबंधित समूह में साझा करनी होगी, ताकि जिला अध्यक्ष भी उसमें भाग ले सकें।

उन्होंने स्पष्ट किया कि कमेटी गठन पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया से होगा। जनरल हाउस की उपस्थिति शीट तैयार करना अनिवार्य रहेगा और उसी आधार पर पदाधिकारियों का चयन किया जाएगा। बिना जनरल हाउस के गठित कार्यकारिणी को अमान्य माना जाएगा।

जारी निर्देशों के अनुसार 31 सदस्यीय कमेटी में रोस्टर प्रणाली का पालन करना होगा, साथ ही एक पंचायत से दो से अधिक पदाधिकारी नहीं रखे जा सकेंगे। युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कमेटी में 50 प्रतिशत पद 50 वर्ष से कम आयु वर्ग के कार्यकर्ताओं को दिए जाएंगे।

सुरजीत भरमौरी ने कहा कि सभी बीसीसी अध्यक्ष 15 मई तक गठित कार्यकारिणी की सूची जिला कांग्रेस कार्यालय चम्बा में जमा करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी बताया कि इस अभियान की प्रगति रिपोर्ट पीसीसी और एआईसीसी के वार रूम तक भेजी जाएगी, जिससे संगठनात्मक गतिविधियों की नियमित निगरानी की जा सके।

जिलाध्यक्ष ने सभी ब्लॉक अध्यक्षों से अपील की है कि वे इस अभियान को गंभीरता से लें और निर्धारित समय सीमा में सभी प्रक्रियाएं पूर्ण करें, ताकि संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाया जा सके।

जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष की सक्रियता से पार्टी कार्यकर्ताओं में भी हलचल होती दिखने लगी है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कार्यकारिणी का ढांचा तैयार करने की जिस प्रकार की रूप रेखा सुरजीत भरमौरी ने तैयार की है उससे ग्रामीण स्तर पर सक्रिय पार्टी कार्यकर्ताओं को भी संगठन में प्रतिनिधित्व मिलने के अवसर बढ़ गए हैं। अगर उनका यह प्रारूप काम कर जाता है तो चम्बा जिला में कांग्रेस पार्टी निकट भविष्य में अलग हावभाव में दिख सकती है।


Ghoghad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page