घोघड़, चम्बा 15 मार्च : सरकार हो या बड़ी बड़ी कम्पनियां जनसेवा करने के बाद उसके प्रचार का इतना ढिंढोरा पीटती हैं मानों इनसे अधिक जनहितैषी कोई न हो। इसके विपरीत कुछ लोग या कुछ लोगों का समूह जरूरतमंदों की भलाई के लिए बिना किसी प्रचार या दिखावे के समाज सेवा में जुटे रहते हैं। गद्दी समाज के उत्थान और शिक्षा के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से स्थापित GEMS (Gaddi Education Mission Support) ट्रस्ट भी उस दुसरे वर्ग में आता है जो जरूरतमंद बच्चों के भविष्य संवारने में पिछले पांच वर्षों से जुटा है। GEMS गद्दी समुदाय के ऐसे लोगों का समूह है जिसमें केंद्र से राज्य सरकार में बड़े पदों पर आसीन निदेशकों ,अधिकारियों से लेकर कुछ अन्य सामर्थ्यवान लोग शामिल हैं। GEMS ने पिछले चार वर्षों में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ हासिल की हैं। इस ट्रस्ट की स्थापना समाज के प्रबुद्ध जनों द्वारा जून 2020 में की गई थी, जिसका उद्देश्य जरूरतमंद और मेधावी छात्रों को आर्थिक सहयोग और मार्गदर्शन प्रदान करना है।
ghoghad.com के द्वारा जुटाई गई जानकारी की पुष्टि हेतु ट्रस्ट के संस्थापक संजय चाढ़क ने बताया कि गद्दी समुदाय के ऐसे मेधावी विद्यार्थी जिन्हें शिक्षा, प्रशिक्षण या अन्य प्रकार के मार्दर्शन के अलावा आर्थिक सहायता की आवश्यकता होती है गद्दी एज्युकेशन मिशन स्पोर्ट उनकी सहायता कर रही है।
शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता
GEMS के पंजीकृत संविधान में 25 विषयों पर कार्य करने की योजना है, लेकिन शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। ट्रस्ट का मानना है कि शिक्षा ही व्यक्ति, समाज और राष्ट्र के निर्माण की नींव है। इस मिशन के तहत, GEMS ने अब तक 198 छात्रों को आर्थिक सहायता प्रदान की है, जिनकी वार्षिक संख्या निम्नानुसार रही है:
वर्ष | सहायता प्राप्त बच्चे |
---|---|
2020-21 | 19 |
2021-22 | 27 |
2022-23 | 43 |
2023-24 | 43 |
2024-25 | 46 |
कुल | 198 |
इसके अतिरिक्त, लगभग 390 छात्र-छात्राएँ ट्रस्ट के मार्गदर्शन में हैं, जिनके लिए 20 व्हाट्सएप्प ग्रुप्स के माध्यम से मार्गदर्शन और सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है।
ऑनलाइन शिक्षा और तकनीकी सहायता
GEMS ट्रस्ट ने अब तक कुल 81 ऑनलाइन वेबिनार आयोजित कर बच्चों का ज्ञानवर्धन किया है। कोरोना काल के दौरान जब ऑनलाइन शिक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई थी, तब ट्रस्ट ने 25 स्मार्टफोन और 2 लैपटॉप जरूरतमंद छात्रों को उपलब्ध करवाए।
वित्तीय पारदर्शिता और योगदान
ट्रस्ट को अब तक समाज के जागरूक और सहयोगी सदस्यों से कुल ₹27,79,827 का योगदान प्राप्त हुआ है, जिसमें से ₹23,46,113 की राशि जरूरतमंद छात्रों की शिक्षा में व्यय की जा चुकी है। इसके अलावा, भविष्य की आवश्यकताओं के लिए ₹4 लाख की एफडी भी बैंक में सुरक्षित रखी गई है। जो भी GEMS की औपचारिक सदस्यता ग्रहण करने के इच्छुक हैं वह ऑनलाइन अपना विवरण निर्धारित टेम्पलेट में जमा कर सकते हैं और सदस्यता शुल्क तथा बच्चों की शिक्षा के लिये अंशदान QR कोड या बैंक एकाउंट के माध्यम से जमा करवा सकते हैं ।GEMS के बैंक एकाउंट का विवरण इसी समाचार में है व यहां QR कोड भी आपकी सुविधा हेतु उपलब्ध है ।
GEMS के छात्र: सफलता की नई ऊँचाइयाँ
GEMS ट्रस्ट की सहायता से कई छात्रों ने उच्च शिक्षा और प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश प्राप्त किया है:
- 18 छात्र दिल्ली विश्वविद्यालय के नामी कॉलेजों में अध्ययनरत हैं।
- 5 छात्र MBBS कर रहे हैं, जिनमें से एक AIIMS बिलासपुर और दो टांडा मेडिकल कॉलेज में हैं।
- 5 छात्र HPU शिमला से कानून की पढ़ाई कर रहे हैं।
- 5 छात्र विभिन्न संस्थानों से B.Tech कर रहे हैं।
- 1 छात्र नोएडा में CA की पढ़ाई कर रहा है।
- 8 छात्राएँ B.Sc. नर्सिंग कर रही हैं।
- 6 छात्र B.Ed. तथा 1 छात्र ITI कर चुका है।
- 14 छात्र JNV एवं EMRS स्कूलों में भेजे गए हैं।
- 36 छात्रों ने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाएँ जैसे कि JRF/NET/Bank/CUET उत्तीर्ण की हैं।
गौरवशाली उपलब्धियाँ
- एक लड़की ने दो बार विश्व कीर्तिमान स्थापित कर देश और समाज का मान बढ़ाया।
- एक छात्र ने विश्वस्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता।
- एक छात्र भारतीय सेना में पैरा कमांडो के रूप में देश की सेवा कर रहा है।
समाज से सहयोग की अपील
GEMS ट्रस्ट की यह पहल गद्दी समाज के भविष्य को संवारने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। यह समय है कि समाज के सभी वर्ग इस मिशन में सहयोग करें ताकि अधिक से अधिक मेधावी व गरीब छात्रों को शिक्षा एवं मार्गदर्शन का लाभ मिल सके।
यदि आप भी इस नेक कार्य में योगदान देना चाहते हैं, तो GEMS ट्रस्ट से संपर्क कर सकते हैं और अपने सामर्थ्य के अनुसार सहयोग कर सकते हैं।
Link for donation
https://www.gaddigems.org/donate-now/
Bank account details
Name: Gaddi Education Mission Support
A/c 5139101001816
IFSC code: CNRB0006177
Canara Bank, IIM-Amritsar
Link for Financial Assistance :
https://surveyheart.com/form/60794adc0c0fb54581d033d2
Link for membership of GEMS:
https://surveyheart.com/form/619b01c19d18961a815d0341