घोघड़, चम्बा 25 जून 2026 : विकास खंड मैहला के लिल्ह क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। ग्राम पंचायत दाडवीं के उआ गांव निवासी एक दंपति की गहरी ढांक में गिरने से मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उआ गांव निवासी गोरख (33) अपनी पत्नी सुषमा देवी (26) के साथ लिल्ह क्षेत्र के कलमला गांव में किसी परिचित के घर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि स्पोग सम्पर्क रास्ते में अचानक दोनों का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वे गहरी ढांक में जा गिरे। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस तथा प्रशासन को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर दोनों शवों को अपने कब्जे में लिया तथा पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चूड़ी पहुंचाया। हालांकि अस्पताल में शव गृह की सुविधा उपलब्ध न होने के कारण शवों को आगे मेडिकल कॉलेज चम्बा भेज दिया गया है।
इस हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन ली हैं। मृतक गोरख अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसके पिता गंभीर बीमारी के कारण अपनी दोनों टांगें गंवा चुके हैं और बुजुर्ग दंपति पूरी तरह अपने बेटे पर आश्रित थे। गोरख मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार के साथ-साथ माता-पिता का भी पालन-पोषण कर रहा था।
हादसे का सबसे दुखद पहलू यह है कि दंपति के दो छोटे बच्चे, एक बेटा और एक बेटी, एक ही पल में अपने माता-पिता के साये से वंचित हो गए हैं। वहीं बुजुर्ग माता-पिता ने अपने बुढ़ापे का एकमात्र सहारा खो दिया है।
इस हृदयविदारक घटना से उआ गांव, ग्राम पंचायत दाडवी तथा आसपास के क्षेत्रों में गहरा शोक व्याप्त है। जैसे ही दंपति के निधन का समाचार क्षेत्र में फैला, लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने मृतकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

