घोघड़, चम्बा, 08 जून 2026 : जिला रोजगार अधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि जिला रोजगार कार्यालय बालू, चम्बा द्वारा तीसा और भरमौर में कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे। इस भर्ती अभियान के तहत निजी कंपनी द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के कुल 80 पद भरे जाएंगे।
उन्होंने बताया कि सिक्योरिटी एंड इंटेलिजेंस सर्विस इंडिया लिमिटेड (SIS), आरटीए हमीरपुर द्वारा यह कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए जा रहे हैं। 11 जून 2026 को उप रोजगार कार्यालय तीसा तथा 12 जून 2026 को पंचायत घर भरमौर में साक्षात्कार आयोजित होगा।
जिला रोजगार अधिकारी के अनुसार भर्ती प्रक्रिया में केवल पुरुष अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। उम्मीदवार की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता मैट्रिक निर्धारित की गई है तथा आयु 19 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयन के लिए न्यूनतम शारीरिक मानदंडों के तहत अभ्यर्थी की ऊंचाई 165 सेंटीमीटर या अधिक तथा वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच होना आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को एक माह का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद उन्हें 19,000 रुपये से 24,000 रुपये प्रतिमाह वेतन तथा अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ के विभिन्न स्थानों पर की जाएगी।
जितेंद्र सिंह ने सभी इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि एवं स्थान पर प्रातः 11 बजे उपस्थित होने का आग्रह किया है। अभ्यर्थियों को अपने साथ शैक्षणिक योग्यता के मूल प्रमाण पत्र, पासपोर्ट आकार के फोटो, रोजगार कार्यालय पंजीकरण प्रमाण पत्र, आधार कार्ड तथा बायोडाटा अवश्य लाना होगा।

