घोघड़, भरमौर, 05 जून 2026 : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भरमौर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं, रैलियों और वृक्षारोपण अभियानों में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
रावमापा भरमौर में प्रतियोगिताओं का आयोजन
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भरमौर में विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य पर पेंटिंग, भाषण तथा नारा लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
पेंटिंग प्रतियोगिता में स्मृति ने प्रथम तथा नम्रता ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। नारा लेखन प्रतियोगिता में शिवाली प्रथम और मुकेश द्वितीय स्थान पर रहे। भाषण प्रतियोगिता में सुधीर कुमार ने प्रथम तथा रुचिका ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
इस अवसर पर विद्यालय के इको क्लब एवं एनएसएस इकाई के स्वयंसेवकों ने जागरूकता रैली निकाली और लोगों को पर्यावरण संरक्षण तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
शिवालिक पब्लिक स्कूल भरमौर में वृक्षारोपण और जागरूकता कार्यक्रम
शिवालिक पब्लिक स्कूल, भरमौर में विश्व पर्यावरण दिवस बड़े उत्साह और पर्यावरण संरक्षण के प्रति दृढ़ संकल्प के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री रिंकेश ठाकुर के मार्गदर्शन में किया गया।
इस दौरान विद्यार्थियों ने पट्टी नाला क्षेत्र में वृक्षारोपण अभियान चलाया तथा पोस्टर निर्माण और जागरूकता भाषण जैसी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई। छात्रों को प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, प्रदूषण में कमी लाने और स्वच्छता बनाए रखने के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
प्रधानाध्यापक श्री रिंकेश ठाकुर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने छात्रों को अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण-अनुकूल आदतें अपनाने और जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ ने हरित एवं स्वस्थ पृथ्वी के निर्माण के लिए कार्य करने की शपथ ली।
रावमापा गरोला व श्री जयकृष्ण गिरि पब्लिक हाई स्कूल भरमौर में भी मनाया गया विश्व पर्यावरण दिवस
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गरोला व श्री जय कृष्ण गिरि पब्लिक हाई स्कूल भरमौर में भी विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा वृक्षों के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव शर्मा ने कहा कि पर्यावरण को बचाने के लिए हमें पर्यावरण दिवस वाले केवल एक दिन ही कार्य नहीं करना बल्कि इसके लिए हमें अपने दैनिक क्रिया-कलापों को पर्यावरण के अनुकूल करने का प्रयास करना होगा।

