घोघड़, चम्बा, 20 मई 2026 : अंतरराष्ट्रीय ग्रीष्मोत्सव शिमला के अवसर पर आयोजित होने वाली प्रथम एंटी चिट्टा अंतरजिला अंडर-21 वॉलीबाल चैंपियनशिप के लिए जिला चम्बा की टीम चयन प्रक्रिया 23 मई को आयोजित की जाएगी।
जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी चम्बा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार यह प्रतियोगिता 8 जून से 12 जून 2026 तक शिमला के संजौली स्थित म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन ग्राउंड में आयोजित होगी। प्रतियोगिता का आयोजन डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स काउंसिल शिमला, जिला प्रशासन तथा अंतरराष्ट्रीय ग्रीष्म उत्सव समिति द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है।
प्रतियोगिता में विजेता टीम को 1,00,000 रुपये नकद पुरस्कार, ट्रॉफी और मेडल प्रदान किए जाएंगे। उपविजेता टीम को 50 हजार रुपये तथा तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार और मेडल दिए जाएंगे। इसके अलावा क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने वाली टीमों को 20-20 हजार रुपये दिए जाएंगे।
प्रतियोगिता में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को अटैकर, ब्लॉकर, सेटर और लिबरो श्रेणियों में “बेस्ट प्लेयर अवॉर्ड” के तहत पांच-पांच हजार रुपये नकद पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। खिलाड़ियों के रहने, खाने और यात्रा भत्ते की व्यवस्था आयोजन समिति द्वारा की जाएगी।
जिला चम्बा की टीम चयन के लिए जिला स्तरीय ट्रायल 23 मई 2026 को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पुखरी में सुबह 10 बजे आयोजित किए जाएंगे। ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों का जन्म 1 जनवरी 2005 या इसके बाद का होना आवश्यक है। इच्छुक खिलाड़ी अपने साथ आधार कार्ड, दसवीं कक्षा का प्रमाण पत्र, हिमाचली प्रमाण पत्र तथा बैंक पासबुक की छायाप्रति लेकर ट्रायल में भाग ले सकते हैं। जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी ने बताया कि ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता या किराया देय नहीं होगा।

