Ghoghad.com

घोघड़, भरमौर, 12 अप्रैल :  भरमौर स्थित हैलीपैड में आयोजित हो रही विक्षित राणा क्रिकेट ट्रॉफी का आज समापन हो गया । फाइनल मुकाबले के अवसर पर आयोजित समारोह में ग्राम पंचायत सचूईं की पूर्व प्रधान अंजना ठाकुर मुख्यातिथि रहीं।

ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला घरेड़ व मलकौता की टीमों के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए घरेड़ की टीम ने निर्धारित 10 ओवर में 97 रन बनाए । लक्ष्य का पीछा करने उतरी मलकौता की टीम ने 8.5 ओवर में 98 रन बनाकर प्रतियोगिता अपने नाम कर ली। मलकौता की ओर से संदीप कुमार ने 05 छक्के व 02 चौकों की मदद से 43 रनों की पारी खेली।

मलकौता युवक मंडल क्रिकेट आयोजक समिति अध्यक्ष अक्षय कुमार ने कहा कि प्रतियोगिता में 16 टीमों ने भाग लिया है। प्रतियोगिता में क्षेत्र के युवा वर्ग ने क्रिकेट के प्रति अपना जुनून प्रकट करते हुए उत्साह पूर्वक भाग लिया है।

इस अवसर पर मुख्यातिथि अंजना ठाकुर ने उपस्थित खिलाड़ियों व दर्शकों को सम्बोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र के युवा खेलों में अपना भविष्य संवारना चाहते हैं परंतु विडंबना यह है कि इस जनजातीय मुख्यालय में इन्हें खेलने के लिए एक मैदान तक नहीं है। हैलीपैड में खेलने पर भी उन्हें प्रशासनिक व स्थानीय लोगों की टोका-टाकी का सामना करना पड़ता है। जिला के अन्य भागों से युवा विभिन्न खेलों में आगे बढ़ रहे हैं परंतु भरमौर क्षेत्र में खेलें केवल स्कूल के बच्चे ही खेल पाते हैं जबकि अन्य युवा खेलने के लिए कहीं सड़क तो कहीं खेतों में खेलने को मजबूर हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार ने यहां के युवाओं को खेल मैदान न देकर उनसे उनका खेलने का हक छीन लिया है। खेल मैदान के अभाव ने भरमौर क्षेत्र के युवाओं की क्रिकेट को इस कदर क्षीण कर दिया है कि जो खेल लैदर की बॉल से खेला जाना चाहिए उसे विंड बॉल से खेलने के लिए मजबूर किया गया है जबकि विंड बॉल की क्रिकेट मनोरंजन कर सकती है, भविष्य नहीं संवार सकती। गांव-गांव से खेल प्रतिभाएं आईपीएल के माध्यम देश की क्रिकेट टीम तक पहुंच रही हैं जबकि इस जनजातीय क्षेत्र के युवाओं को खेलों से दूर किया जा रहा है।

उन्होंने सरकार व प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र के युवाओं व बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए ग्राम पंचायत सचूईं में स्थित इस हैलीपैड को खेल मैदान घोषित किया जाए व यहां खेल गतिविधियों को बढ़ाने की दिशा में कार्य किए जाएं। उन्होंने विजेता, उपविजेता व अन्य सहयोगी प्रतिनिधियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।

सरकार ! खेलने के लिए मैदान चाहिए

Ghoghad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page