घोघड़, चम्बा, 09 अप्रैल : नवोदय विद्यालय समिति द्वारा आयोजित जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (कक्षा VI) का आयोजन 11 अप्रैल को किया जाएगा। यह जानकारी नवोदय विद्यालय के प्राचार्य विक्रम सचदेवा ने दी।
उन्होंने बताया कि जिले के 15 शिक्षा खंडों के अंतर्गत कुल 14 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें 3114 अभ्यर्थी भाग लेंगे।
प्राचार्य ने संभावित खराब मौसम को देखते हुए विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। परीक्षा का समय प्रातः 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक निर्धारित किया गया है और सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित समय का कड़ाई से पालन करना होगा।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) साथ लाना अनिवार्य है। परीक्षा में कुल 80 प्रश्न होंगे और प्रत्येक प्रश्न 1.25 अंक का होगा। इस परीक्षा में किसी भी प्रकार की नकारात्मक अंकन (Negative Marking) नहीं होगी।
अभिभावकों से भी आग्रह किया गया है कि वे अपने बच्चों को परीक्षा केंद्र पर प्रातः 10:00 बजे तक अवश्य पहुंचाएं, ताकि परीक्षा प्रक्रिया समय पर आरम्भ हो सके।

