घोघड़, ऊना, 8 अप्रैल : हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ, जिला ऊना द्वारा बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित लोक निर्माण विश्राम गृह में सेवानिवृत्त कर्मचारी प्रतिनिधियों के सम्मान में एक गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान महासंघ के विभिन्न पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके 20 सेवानिवृत्त प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया।
समारोह की अध्यक्षता महासंघ के वरिष्ठ उप-प्रधान तारा सिंह ने की। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के कर्मचारी प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारी अपने अनुभव, समर्पण और कार्यशैली के कारण संगठन व समाज के लिए सदैव प्रेरणा स्रोत बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि इन कर्मचारियों ने अपने सेवाकाल में ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ कार्य करते हुए प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि यह सम्मान समारोह उन कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करने का एक प्रयास है, जिन्होंने वर्षों तक संगठन में रहकर कर्मचारी हितों की आवाज बुलंद की और अग्रिम पंक्ति में खड़े रहे। उन्होंने उम्मीद जताई कि सेवानिवृत्त कर्मचारी भविष्य में भी अपने अनुभवों के माध्यम से संगठन को मार्गदर्शन देते रहेंगे।
कार्यक्रम के अंत में सभी सम्मानित कर्मचारियों को शुभकामनाएं दी गईं तथा उनके स्वस्थ और सुखद जीवन की कामना की गई।
समारोह में जिला प्रधान रह चुके रजनीश शर्मा, बंगाणा ब्लॉक प्रधान प्रकाश चंद, हरोली ब्लॉक प्रधान हरजिंदर सिंह, महासचिव प्रेम सिंह जसवाल, गगरेट ब्लॉक से राज्य प्रतिनिधि नरेंद्र कुमार, जिला प्रतिनिधि जगजीत सिंह, राजीव कुमार, राजकुमार, जिला उप-प्रधान इंदु बाला, शहरी इकाई प्रतिनिधि अश्वनी शर्मा व रमन कुमार, अंब से अवतार सिंह व राजकुमार, संगठन सचिव रह चुके चमेल सिंह तथा गगरेट के मनोज कुमार सहित कई अन्य प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पूर्व प्रतिनिधि इंदु बाला, रमन कुमार और अश्वनी शर्मा ने महासंघ के सहयोग हेतु नकद राशि भी भेंट की, जिसके लिए वरिष्ठ उप-प्रधान तारा सिंह ने उनका आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में महासचिव राजेश कुमार, प्रदेश प्रतिनिधि रमेश ठाकुर, राजीव पाठक, ब्लॉक प्रधान बलबीर सिंह, मनोज कुमार, जुगल किशोर, राज कुमार, सुरेश अत्री, मंजीत सिंह और विनय सहित अन्य प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

