घोघड़, चम्बा, 08 अप्रैल : पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनावों पर मौसम की ठंड भारी पड़ रही है। पंचायत चुनावों के रोस्टर लागू होने के बाद आकांक्षी वर्ग लोगों के बीच जाकर अपनी उपयोगिता की बात रखना चाहते हैं परंतु पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही वर्षा व हिमपात ने लोगों को घरों से बाहर तक नहीं निकलने दिया है।
जनजातीय क्षेत्र भरमौर में अल सुबह से वर्षा जारी है जबकि यहां के ऊंचे ग्रामीण भागों, कुगती, बलमुईं, हुप्प, भरमाणी मंदिर तक हिमपात हो गया है। बदलते जलवायु के बीच अप्रैल माह में हिमपात होना अब सामान्य बात नहीं रही है। इस कारण लोग पिछले दो दिनों से मौसम के बिगड़े मिजाज से खासे प्रभावित हुए हैं।
क्षेत्र में इस समय सेब के पौधों पर गुलाबी कली(PINK BUD) अवस्था चल रही है परंतु मौसम साफ न होने के कारण वे इस अवस्था में होने वाली बीमारियों से बचाव वाली दवाइयों का छिड़काव नहीं कर पा रहे हैं। बागवान इस बात से बी चिंतित हैं कि आगामी दिनों में भी मौसम अगर ऐसा ही रहा तो उनकी वार्षिक आय समाप्त हो सकती है।
लगातार वर्षा होने के कारण आज भरमौर क्षेत्र के हड़सर-भरमौर सड़क मार्ग, चम्बा-भरमौर सड़क मार्ग कई स्थानों पर बाधित रहे। हालांकि कुछ घंटों बाद इन्हें यातायात हेतु खोल दिया गया।

