घोघड़, चम्बा, 2 अप्रैल 2026 : भरमौर उपमंडल की ग्राम पंचायत हड़सर में जय बजरंग बली सेवा समिति हड़सर द्वारा आज हनुमानोत्सव पर वार्षिक कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। इस कुश्ती प्रतियोगिता में जिला भर के दर्जनों पहलवानों ने भाग लिया। कुश्ती प्रतियोगिता देखने के लिए भरमौर क्षेत्र के सैकड़ों लोग उपस्थित हुए थे। इस दौरान स्थानीय लोगों द्वारा कुश्ती स्थल के आसपास अस्थाई दुकानें स्थापित किए जाने से मेले सा आभास हो रहा था।

प्राकृतिक आपदा से गांव वासियों की सुरक्षा के लिए प्रतिवर्ष यह दंगल भगवान हनुमान को समर्पित किया जाता है।
जय बजरंगबली सेवा समिति प्रधान रवि कुमार ने कहा कि दस वर्ष पूर्व गांव में कई हादसे हो रहे थे जिसमें कई युवकों की जान चली गई। जिसके बाद ग्रामीणों ने भगवान हनुमान से गांव में सुख समृद्धि व सुरक्षा के लिए कुश्ती दंगल अर्पित करने का निर्णय लिया। पिछले दस वर्षों से लगातार यह दंगल आयोजित किया जा रहा है।

इस कुश्ती प्रतियोगिता में उल्लांसा के पहलवान विशाल कुमार ने पहला व तीसा के रमेश चंद ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। गौरतलब है कि विशाल कुमार पिछले वर्ष भी विजेता रहे थे। पहलवानों में विजेता उपविजेता के अलावा राहुल, विशाल, धर्मेंद्र, अर्णव, सेठी इत्यादि ने भाग लिया।
रवि कुमार ने बताया कि इस समारोह में हडसर पंचायत के मेधावी विद्यार्थी व समाज सेवियों और समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले गांव व स्कूली बच्चों को भी सम्मानित किया गया।

समारोह के मुख्यातिथि जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत भरमौरी रहे। उन्होंने विजेता पहलवानों को ईनाम दिए। उन्होंने इस कुश्ती प्रतियोगिता के आयोजकों को इसके सफल आयोजन की बधाई देते हुए कहा कि पिछले एक दशक से आयोजित हो रही यह कुश्ती प्रतियोगिता धीरे-धीरे एक मेले का स्वरूप ले रही है। जिससे स्थानीय लोगों को स्वरोजगार का अवसर भी मिल रहा है।
इस अवसर पर समिति उपप्रधान कमलेश कुमार, सचिव मनोहर लाल, सह सचिव संजीव कुमार व समिति के तमाम सदस्यों समारोह आयोजन में अपना सहयोग दिया।
इस अवसर पर समिति उपप्रधान कमलेश कुमार, सचिव मनोहर लाल, सह सचिव संजीव कुमार व समिति के तमाम सदस्यों समारोह आयोजन में अपना सहयोग दिया।
