घोघड़,चम्बा, 30 मार्च : कार्तिक देवता (केलंग वज़ीर) के कुगति स्थित पवित्र मंदिर के कपाट वैशाखी के पावन अवसर पर खोले जाएंगे। इस अवसर पर क्षेत्र सहित दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए स्थानीय विधायक ने प्रशासन को आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
पांगी-भरमौर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. जनक राज द्वारा जारी निर्देशों में कहा गया है कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और व्यवस्थाओं का समुचित प्रबंधन किया जाना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने को कहा गया है।
निर्देशों के अनुसार मंदिर परिसर और आसपास श्रद्धालुओं के ठहरने की उचित व्यवस्था की जाएगी। साथ ही लंगर एवं भोजन की समुचित व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता और स्वास्थ्य सेवाओं के तहत प्राथमिक उपचार व मेडिकल सहायता के प्रबंध भी सुनिश्चित किए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त आवश्यकता अनुसार कंबल व अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, मंदिर परिसर में विद्युत आपूर्ति सुचारु रखने तथा जरूरत पड़ने पर जनरेटर की वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं भरमौर से कुगति तक सड़क एवं पैदल मार्गों की मरम्मत और सुधार कार्य समय रहते पूरा करने को भी कहा गया है। सभी व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए संबंधित अधिकारियों की मौके पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
विधायक ने प्रशासन से अपेक्षा जताई है कि सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

