Ghoghad.com

घोघड़, चम्बा, 29 मार्च :  केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए HPV टीकाकरण का अभियान आज से आरम्भ किया गया है। जनजातीय क्षेत्र भरमौर में आज 25 किशोरियों ने यह टीकाकरण करवाया। खंड विकास अधिकारी दीपेश बराल ने बताया कि इस स्वास्थ्य खंड में भरमौर, गरोला व होली स्वास्थ्य केंद्रों कोल्ड चेन स्थापित किए गए हैं में यह टीकाकरण आज सुबह 09 बजे से सायं 04 बजे तक किया गया। अभियान के पहले दिन लोगों ने टीका करण के प्रति ज्यादा उत्साह नहीं दिखाया। आज भरमौर स्वास्थ्य केंद्र में 17, गरोला स्वास्थ्य केंद्र पर 08 किशोरियों को HPV वैक्सीन लगाई गई जबकि होली स्वास्थ्य केंद्र पर किसी ने भी टीकाकरण नहीं करवाया। भरमौर स्वास्थ्य खंड में 283 किशोरियां को HPV टीकाकरण के लिए निर्धारित आयु वर्ग में शामिल हैं।

खंड चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि टीकाकरण का यह अभियान अप्रैल व मई माह में जारी रहेगा। आगामी 05, 12 व 19 अप्रैल को इन्हीं स्वास्थ्य केंद्रों पर यह टीकाकरण होगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि इस जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए  14 से 15 वर्ष आयु की बच्चियों को यह वैक्सीन अवश्य लगवाएं। उन्होंने कहा कि टीकाकरण के बाद अगर किसी को सिर दर्द, थकान, उल्टी चक्कर आने की शिकायत हो तो घबराने की आवश्यकता नहीं है, किसी पर यह क्षणिक प्रभाव हो सकता है जो कुछ ही देर में ठीक हो जाता है। खंड चिकित्सा अधिकारी ने खुलासा करते हुए कहा कि दो वर्ष पूर्व उन्होंने अपनी बेटी को यह वैक्सीन 11,000 रुपए में खरीद कर लगवाई थी। 

टीकाकरण करवाने के लिए अभिभावक बच्चियों के जन्मतिथि प्रमाण पत्र व आधार कार्ड साथ में लाएं। 

इस दौरान क्षेत्र के विधायक डॉ जनक राज ने टीकाकरण के विरोध में दिए जा रहे तर्कों को आधारहीन बताते हुए कहा कि इस वैक्सीन को लेकर सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रातियां फैलाई जा रही हैं। जबकि तथ्य यह है कि प्रतिवर्ष भारत में अनुमानतः 80 हजार से अधिक महिलाएं सर्वाइकल कैंसर की शिकार होती हैं जिनमें से करीब 42 हजार की जान चली जाती है और आंकड़ा विश्व का 20 प्रतिशत है।

उन्होंने कहा कि जिन्हें वैक्सीन के बारे में कुछ भी पता नहीं है वे भी इसके विरोध में प्रचार कर लोगों को भ्रमित कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अपनी बच्चियों को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित रखने के लिए वे बेझिझक यह वैक्सीन लगवाएं।

 


Ghoghad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page