घोघड़, चम्बा, 12 नवम्बर : भरमौर क्षेत्र में मौसम की बदलती परिस्थितियों के कारण तापमान शून्य से नीचे लुढ़क गया है जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। नदी, नालों और नालियों में पानी जमने लगा है। कहीं कहीं तो नालियों का पानी सड़क पर जम गया है जिससे वाहनों और पैदल यात्रियों के फिसलने का जोखिम बढ़ गया है।
भरमौर क्षेत्र में बढ़ती ठंड के कारण लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अनुरोध किया है कि वे ठंड से बचाव के लिए आवश्यक कदम उठाएं और सड़कों पर सावधानी से चलें। इसके अलावा, प्रशासन ने नदियों और नालों के किनारे रहने वाले लोगों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी है।
पुलिस थाना प्रभारी भरमौर बाबू राम ने वाहन चालकों सड़कों पर सावधानी से चलने और फिसलन वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है।
उन्होंने नदियों और नालों के किनारे रहने वाले लोगों से सावधानी बरतने और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने को कहा है।
गौरतलब है कि क्षेत्र में पानी जमने के साथ ही शीतकाल आरम्भ हो जाता है लोग अब शीतकाल के आगामी पांच माह के लिए राशन,पशुचारा, इंधन की लकड़ी इत्यादि के भंडारण में जुट गए हैं ताकि बर्फ व सड़कें अवरुद्ध होने की स्थिति में किसी आवश्यक वस्तु की कमी न हो।

