Ghoghad.com

घोघड़, चम्बा, 12 नवम्बर : 01 से 15 नवम्बर तक मनाए जा रहे जनजातीय गौरव दिवस पखवाड़े के अंतर्गत आज शिवालिक पब्लिक हाई स्कूल भरमौर के विद्यार्थियों ने चौरासी मंदिर प्रांगण में सफाई अभियान चलाया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ परिसर की सफाई कर जन-जागरूकता का संदेश दिया।

संस्थान के मुख्याध्यापक रिंकेश ठाकुर ने इस अवसर पर विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वच्छ वातावरण ही स्वस्थ समाज की नींव है। उन्होंने विद्यार्थियों को भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और योगदान के बारे में भी जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि भगवान बिरसा मुंडा (1875–1900) का जन्म झारखंड राज्य के उलीहातू गाँव में हुआ था। वे भारत के महान जनजातीय नायक, स्वतंत्रता सेनानी, समाज सुधारक और ईश्वर स्वरूप माने जाने वाले व्यक्तित्व थे। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के शोषण और अन्याय के खिलाफ “उलगुलान” (महान आंदोलन) का नेतृत्व किया, जिसने आदिवासी समाज में जागृति की नई लहर पैदा की। बिरसा मुंडा ने आदिवासियों को अपनी संस्कृति, जमीन और अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित किया।

सिर्फ 25 वर्ष की अल्पायु में ही उन्होंने औपनिवेशिक शासन के खिलाफ जनसंघर्ष की अमर गाथा लिखी। उनके बलिदान और योगदान को याद करते हुए ही 15 नवम्बर को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाया जाता है।

मुख्याध्यापक ठाकुर ने कहा कि विद्यार्थियों को बिरसा मुंडा जैसे महान विभूतियों से प्रेरणा लेकर समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण और देशभक्ति के कार्यों में योगदान देना चाहिए।

इस अवसर पर विद्यालय के अध्यापकगण और विद्यार्थीगण उपस्थित रहे और सभी ने स्वच्छता एवं जनजागरण का संकल्प लिया।


Ghoghad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page