Ghoghad.com

घोघड़, चम्बा, 07 जून 2026 : भरमौर क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और जनआस्था से जुड़े ऐतिहासिक छतराडी मेले को प्रदेश सरकार द्वारा राज्य स्तरीय मेले का दर्जा प्रदान कर दिया गया है। वर्ष 1995 से जिला स्तरीय मेले के रूप में आयोजित हो रहे इस मेले को राज्य स्तरीय दर्जा मिलने से क्षेत्रवासियों का 31 वर्षों पुराना सपना साकार हो गया है।

इस उपलब्धि पर जिला कांग्रेस कमेटी चम्बा के अध्यक्ष एडवोकेट सुरजीत शर्मा भरमौरी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह क्षेत्र के लोगों, पंचायत प्रतिनिधियों, प्रशासन और प्रदेश सरकार के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने बताया कि इस मांग को लेकर लंबे समय से लगातार प्रयास किए जा रहे थे, जो अब सफल हुए हैं।

उन्होंने इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए Sukhvinder Singh Sukhu, Mukesh Agnihotri तथा Kewal Singh Pathania का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की जनहितैषी सोच और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता के कारण ही यह महत्वपूर्ण उपलब्धि संभव हो सकी है।

सुरजीत शर्मा भरमौरी ने कहा कि राज्य स्तरीय दर्जा मिलने से छतराडी मेले की पहचान प्रदेशभर में और मजबूत होगी। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय संस्कृति को नई पहचान मिलेगी तथा क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी लाभ पहुंचेगा।

उन्होंने बताया कि अब सरकार का अगला लक्ष्य पवित्र मणिमहेश यात्रा को राष्ट्रीय स्तर का दर्जा दिलाना है। इस दिशा में प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक प्रक्रियाएं आरम्भ कर दी गई हैं तथा एसडीएम भरमौर के साथ बैठक कर दस्तावेजी कार्य को आगे बढ़ाया जा रहा है।

उन्होंने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए समस्त क्षेत्रवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह जनसहयोग, जनआस्था और सामूहिक प्रयासों की बड़ी जीत है, जो क्षेत्र के सांस्कृतिक विकास में एक नया अध्याय जोड़ने का कार्य करेगी।


Ghoghad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page