Ghoghad.com

घोघड़, चम्बा 18 मार्च : देश में चल रही LPG सिलेंडर की कमी की चर्चा के बाद जनजातीय क्षेत्र भरमौर में घरेलू गैस उपभोक्ताओं की इस समस्या की पड़ताल की गई तो पाया गया कि इस समय जो उपभोक्ता भारत गैस कम्पनी द्वारा जारी फोन नम्बर पर कॉल करके गैस सिलेंडर बुक करवा रहा है, उसे ही गैस सिलेंडर जारी किया जा रहा है।

इस विषय पर गहन पड़ताल हेतु हम भरमौर मुख्यालय स्थित HP STATE CIVIL SUPPLY CORPORATION के भारत गैस बुकिंग कार्यालय पहुंचे। उपभोक्ता गैस सिलेंडर से जुड़ी कई समस्याओं के लेकर एजेंसी के कर्मचारियों से शिकायत व उनकी समाधान मांग रहे थे। इस दौरान खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के निरीक्षक मनोज कुमार भी उपभोक्ताओं की समस्याएं सुन रहे थे।

कार्यालय में गैस सिलेंडर बुक करवा चुके उपभोक्ता एजेंसी कर्मचारी से सिलेंडर रीफिल करवाने की अपडेट लेने के लिए पहुंच रहे थे। जिन्हें उनके सिलंडर की बुकिंग की जानकारी देकर गैस सिलेंडर लेने के लिए स्टोर भेजा जा रहा था जहां से वे कम्पनी द्वारा जारी ओटीपी बता कर सिलेंडर की कीमत 990 रुपए चुकाकर घर लौट रहे थे।

इस दौरान ऐसे उपभोक्ताओं की संख्या भी बहुत अधिक थी जो अपनी उपभोक्ता कॉपी दिखाकर शिकायत कर रहे थे कि उनकी कॉल पर सिलेंडर बुक नहीं हो रहा है। जबकि कुछ उपभोक्ताओं की कॉल उनके गैस वितरक द्वारा जारी कस्टमर केयर नम्बर पर नहीं लग रही थी। उपभोक्ताओं के तमाम प्रश्नों पर कर्मचारी उन्हें परामर्श व विभिन्न कागजी खानापूर्ति पूरी करने के लिए कह रहे थे।

तमाम घटनाक्रम की जानकारी के बाद हमने उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर से सम्बंधित हो रही समस्याओं पर गैस वितरक कर्मचारी शैंकी से बातचीत की तो उन्होंने कहा कि उनके यहां 13500 के करीब घरेलू व 850 के करीब व्यवसायिक गैस उपभोक्ता पंजीकृत हैं। उपभोक्ता पहले ऑफलाइन प्रक्रिया के तहत अपना गैस सिलेंडर प्राप्त करते थे जबकि अब पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था से चल रही है। जो उपभोक्ता ऑनलाइन प्रक्रिया के अनुसार अपना गैस सिलेंडर बुक करवा रहे हैं उन्हें तत्काल गैस सिलेंडर जारी किया जा रहा है।

शैंकी ने कहा कि जिन उपभोक्ताओं के फोन नम्बर से सिलेंडर बुक नहीं हो रहे हैं वे अपनी गैस पंजीकरण नम्बर के साथ जुड़ा मोबाइल नम्बर जांच करवाएं। कई उपभोक्ताओं की KYC न होने के कारण भी उनके गैस सिलेंडर बुक नहीं हो पा रहे हैं जबकि बहुत से उपभोक्ताओं ने कई माह से अपना सिलेंडर रिफिल दर्ज नहीं करवाया है जिस कारण उनका गैस सिलेंडर ऑनलाइन बुक नहीं हो पा रहा है।

उन्होंने कहा कि भरमौर में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है। अभी स्टोर में 300 के करीब गैस सिलेंडर मौजूद है। वितरक एजेंसी के अंतर्गत जुड़े उपभोक्ताओं को उनके गांव तक गैस सिलेंडर की सप्लाई दी जा रही है। प्रतिदिन सौ से अधिक लोग गैस सिलेंडर बुकिंग की समस्या लेकर कार्यालय पहुंच रहे हैं जिनके केवाईसी किए जा रहे हैं व मोबाइल नम्बर उपभोक्ता खाता से जोड़े जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जिन विद्यालयों, हॉस्टल, कार्यलय व अन्य संस्थाओं में घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग किया जा रहा है उनकी घरेलू गैस सिलेंडर के नाम पर बुकिंग नहीं की होगी, उन्हें अब कमर्शियल गैस सिलेंडर लेना होगा। 

उन्होंने कहा कि भरमौर में उपभोक्ताओं में गैस सिलेंडर बुक करवाने को लेकर किसी प्रकार की जल्दबाजी नहीं दिख रही है। जिन उपभोक्ताओं के मोबाइल नम्बर सिलेंडर बुक नहीं हो पा रहे वे अपना पंजीकरण नवीनीकरण,  केवाईसी, मोबाइल नम्बर जोड़ना जैसी प्रक्रिया पूरी करवा लें।

भारत गैस एजेंसी भरमौर

Ghoghad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page