Ghoghad.com

घोघड़, भरमौर(चम्बा), 12 मार्च : कार्यवाहक अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर विकास शर्मा की अध्यक्षता में गुरुवार को लघु सचिवालय पट्टी के सभागार में श्री मणिमहेश ट्रस्ट की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी व्यवस्थाओं और यात्रा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान एडीएम ने विशेष रूप से राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) द्वारा श्री मणिमहेश यात्रा के आयोजन को लेकर जारी दिशा-निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा अवधि तथा अन्य समय में श्रद्धालुओं, ट्रैकिंग पर जाने वाले यात्रियों और क्षेत्र में होने वाली व्यावसायिक गतिविधियों को निर्धारित नियमों के अनुसार नियंत्रित किया जाए।

एडीएम ने वन मंडल अधिकारी भरमौर तथा वन्य प्राणी विभाग को एनजीटी के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त लोक निर्माण विभाग को यात्रा मार्गों और संपर्क सड़कों की मरम्मत करने के लिए भी कहा गया। इनमें एनएच-154ए बग्गा से भरमौर, हड़सर से गुई नाला सड़क, हड़सर से मणिमहेश झील तक पैदल मार्ग, भरमाणी पैदल रास्ता, भरमौर और गौरीकुंड हेलीपैड, भरमौर-हड़सर सड़क, हड़सर-भरमौर वाया चोबिया रोड, भरमौर-भरमाणी वाया घराडू रोड तथा भरमौर-भरमाणी वाया मलकौता रोड शामिल हैं।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि श्री मणिमहेश ट्रस्ट के अंतर्गत आने वाले मंदिरों में क्यूआर कोड स्थापित किए जाएंगे, ताकि श्रद्धालु ऑनलाइन माध्यम से दान कर सकें।

इसके अलावा हड़सर के पुजारियों और चेलों के साथ अलग से बैठक आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया, ताकि उनकी समस्याओं पर चर्चा कर समाधान निकाला जा सके।

बैठक में यह भी तय किया गया कि मणिमहेश यात्रा के दौरान हड़सर से मणिमहेश मार्ग पर लगने वाली दुकानों के लिए एडीएम कार्यालय से अनुमति लेना अनिवार्य होगा।

बैठक में जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता विजय नाग, आरएफओ वाइल्डलाइफ मनोज कुमार, बीडीओ कार्यालय के कनिष्ठ अभियंता संदीप कुमार तथा श्री मणिमहेश ट्रस्ट के सदस्य सुमन कुमार, रंजीत कुमार और कुलदीप सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


Ghoghad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page