Ghoghad.com

घोघड़, चम्बा, 4 फरवरी 2026 : जिले से संबंधित विधायक प्राथमिकताओं के तहत प्रस्तावित विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा को लेकर आज उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व में आयोजित समीक्षा बैठक की कार्यवाही पर की गई कार्रवाई रिपोर्ट (एक्शन टेकन रिपोर्ट) पर विस्तार से चर्चा की गई।

उपायुक्त ने विभिन्न विभागों द्वारा विधायक प्राथमिकताओं के अंतर्गत अब तक किए गए कार्यों की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान चम्बा शहर में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने, पार्किंग सुविधाओं के निर्माण, पं. जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चम्बा में फर्नीचर व स्वास्थ्य उपकरणों की स्थापना, रेडियोलॉजिस्ट के पदों को भरने सहित स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष ध्यान दिया गया।

बैठक में चम्बा जिला को धार्मिक पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित करने, चुवाड़ी से चम्बा के बीच प्रस्तावित टनल परियोजना, खजियार में साहसिक खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने, चम्बा में इंडोर खेल स्टेडियम एवं लघु सचिवालय के निर्माण कार्यों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों के सुधार कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने संबंधित विभागों को लंबित कार्यों में तेजी लाने और सभी विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विधायक प्राथमिकताओं से जुड़े कार्यों का समय पर क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है, ताकि आम जनता को योजनाओं का लाभ मिल सके।

बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा, वन मंडल अधिकारी कृतज्ञ कुमार, जिला योजना अधिकारी जीवन कुमार, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता दिनेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।


Ghoghad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page