घोघड़, देहरा, 9 नवम्बर : सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारकों को निर्देश दिए हैं कि वे 15 नवम्बर तक अपना ई-केवाईसी (ऑनलाइन सत्यापन) करवा लें । विभाग की ओर से यह सुविधा निःशुल्क रूप से आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है।
तहसील रकड़ एवं देहरा के तहसील कल्याण अधिकारी विपुल कुमार ने जानकारी दी कि तहसील रकड़ में लगभग 280 तथा तहसील देहरा में करीब 1800 पेंशनधारकों ने अब तक ई-केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण नहीं की है। उन्होंने सभी पेंशनधारकों से अपील की है कि वे शीघ्र अपने क्षेत्र की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से संपर्क कर ई-केवाईसी सत्यापन कराएं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जो पेंशनधारक 15 नवम्बर तक ई-केवाईसी नहीं कराएंगे, उनके पेंशन वितरण पर प्रभाव पड़ सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित पेंशनधारक की होगी।
गौरतलब है कि यह जानकारी केवल तहसील देहरा के लिए नहीं अपितु प्रदेश के सभी पेंशनधारकों के लिए है जिन्हें 15 नवम्बर तक अपना ई-केवाईसी (ऑनलाइन सत्यापन) करवाना आवश्यक है।
विभाग ने सभी पात्र लाभार्थियों से अनुरोध किया है कि वे समय रहते अपना सत्यापन कार्य पूरा करें ताकि पेंशन वितरण में किसी प्रकार की बाधा न उत्पन्न हो।

