घोघड़, चम्बा, 7 नवम्बर : जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त चम्बा मुकेश रेपसवाल ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाताओं की शिकायतों, सुझावों और जानकारी से संबंधित सभी मामलों के त्वरित समाधान के लिए राष्ट्रीय मतदाता हेल्पलाइन 1950 और ‘बुक-ए-काल विद बीएलओ’ जैसी सुविधाएं शुरू की गई हैं।
उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर स्थापित संपर्क केंद्र अब कार्यदिवसों में कार्यालय समय के दौरान सक्रिय रहेंगे, जहां नागरिकों को स्थानीय भाषा में समयबद्ध सहायता प्रदान की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता टोल फ्री नंबर 1800-11-1950 पर भी सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे तक संपर्क कर सकते हैं। यह केंद्रीय हेल्पलाइन नागरिकों और अन्य हितधारकों को चुनाव से जुड़ी सेवाओं और जानकारी की सुविधा प्रदान करती है।
श्री रेपसवाल ने कहा कि सभी शिकायतें राष्ट्रीय शिकायत सेवा पोर्टल के माध्यम से दर्ज और मॉनिटर की जाती हैं ताकि शिकायतों का पारदर्शी व प्रभावी निपटारा सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने यह भी बताया कि ‘बुक-ए-काल विद बीएलओ’ सुविधा के जरिये नागरिक ECInet ऐप के माध्यम से सीधे अपने बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) और निर्वाचन अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं। प्राप्त अनुरोधों का निस्तारण 48 घंटे के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त नागरिक अपनी शिकायतें ई-मेल के माध्यम से complaints@eci.gov.in पर भी भेज सकते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे निर्वाचन संबंधी जानकारी, शिकायत या सहायता प्राप्त करने हेतु इन सुविधाओं का अधिकतम उपयोग करें और मतदान प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी तथा सुलभ बनाने में सहयोग दें।

