घोघड़, बैजनाथ, 14 जून 2026 : बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के चोबू में आयोजित दो दिवसीय लता मेमोरियल वॉलीबॉल टूर्नामेंट का रविवार को समापन हो गया। समापन समारोह में क्षेत्रीय विधायक किशोरी लाल ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया।
इस अवसर पर विधायक ने सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम ही नहीं हैं, बल्कि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में भी सहायक सिद्ध होते हैं।
टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला खेलो इंडिया संधोल और बिलासपुर की टीमों के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में खेलो इंडिया संधोल की टीम विजेता रही, जबकि बिलासपुर की टीम को उपविजेता स्थान से संतोष करना पड़ा।
विधायक ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जीत और हार खेल का अभिन्न हिस्सा हैं तथा खिलाड़ियों को निरंतर मेहनत, लगन और खेल भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने सभी प्रतिभागी टीमों के प्रदर्शन की सराहना की।
समापन समारोह के दौरान विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शशि राणा, अशोक सुघा, विकास राणा, अजय गौड़, रणधीर सिंह, सुधीर राणा, नसीब राणा, सुनील राणा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

