Ghoghad.com

घोघड़, भरमौर, 02 जून 2026 : पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव संपन्न होने के बाद जहां कई नव निर्वाचित प्रतिनिधि शपथ ग्रहण की तैयारियों और पंचायत संचालन की भावी कार्ययोजना बनाने में जुट गए हैं, वहीं ग्राम पंचायत सचूईं की नव निर्वाचित प्रधान तनुजा ठाकुर ने एक अलग मिसाल पेश की है। चुनाव परिणाम घोषित होने के दूसरे ही दिन से उन्होंने अपने पति एवं पंचायत के पूर्व प्रधान संजीव ठाकुर के साथ पंचायत के घर-घर जाकर मतदाताओं का आभार व्यक्त करना शुरू कर दिया।

प्रधान पद का चुनाव जीतने वाली तनुजा ठाकुर को 711 मत प्राप्त हुए, जो इस पंचायत में किसी भी प्रत्याशी को मिले मतों में सर्वाधिक हैं। भारी जनसमर्थन से उत्साहित तनुजा ठाकुर का कहना है कि पंचायत के विकास कार्यों की दिशा और प्राथमिकताएं जनता के मार्गदर्शन से तय की जाएंगी, लेकिन उससे पहले मतदाताओं का धन्यवाद करना उनका नैतिक दायित्व है।

उन्होंने कहा कि पंचायत वासियों ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस विश्वास पर खरा उतरना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि पंचायत के समग्र विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा से कार्य किया जाएगा।

इस दौरान पूर्व प्रधान संजीव ठाकुर ने कहा कि ग्राम पंचायत सचूईं क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व वन मंत्री की गृह पंचायत भी है। ऐसे राजनीतिक प्रभाव वाले क्षेत्र में जनता का समर्थन प्राप्त कर चुनाव जीतना उनके परिवार के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने पंचायत वासियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह जीत किसी व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि पंचायत के लोगों के विश्वास और सहयोग की जीत है।

गौरतलब है कि संजीव ठाकुर कांग्रेस पार्टी में विभिन्न संगठनात्मक पदों पर कार्य कर चुके हैं। राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में उनकी सक्रियता लगातार बनी हुई है तथा भविष्य की राजनीति में वे लम्बी छलांग मारने की तैयारी कर रहे हैं।

जनता के बीच पहुंचकर धन्यवाद देने की यह पहल क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और इसे लोकतांत्रिक मूल्यों तथा जनप्रतिनिधि की जवाबदेही का सकारात्मक उदाहरण माना जा रहा है।


Ghoghad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page