घोघड़, चम्बा, 17 फरवरी : चम्बा जिला में जनगणना-2027 दो चरणों में संपन्न करवाई जाएगी। यह स्वतंत्र भारत की पहली डिजिटल जनगणना होगी, जिसमें आधुनिक तकनीक का व्यापक उपयोग किया जाएगा। वह जनगणना के सफल संचालन को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
उपायुक्त ने बताया कि पहले चरण में 12 मई से 11 जून तक मकान सूचीकरण एवं आवास जनगणना की जाएगी। इस चरण में प्रगणक घर-घर जाकर निर्धारित प्रपत्र के तहत जानकारी एकत्र करेंगे। सामान्य प्रशासन विभाग, हिमाचल प्रदेश द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार इस दौरान कुल 33 प्रश्न पूछे जाएंगे। इनमें आवास की स्थिति, पेयजल, शौचालय, बिजली, रसोई ईंधन, इंटरनेट सुविधा तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित विवरण शामिल होगा।
उन्होंने बताया कि जनगणना-2027 में डिजिटल प्रणाली लागू की जा रही है, जिसके अंतर्गत नागरिकों को स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। घर-घर सर्वे शुरू होने से पूर्व 27 अप्रैल से 11 मई तक नागरिक पोर्टल के माध्यम से लोग स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे।
दूसरे चरण में सितंबर 2026 से फरवरी 2027 के बीच जनसंख्या गणना की जाएगी। इस दौरान प्रत्येक व्यक्ति से संबंधित नाम, आयु, लिंग, शिक्षा, व्यवसाय, वैवाहिक स्थिति, प्रवास, मातृभाषा सहित अन्य आवश्यक जानकारियां एकत्र की जाएंगी।
उपायुक्त ने संबंधित विभागों को सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय सहयोग दें और प्रगणकों को सही व पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाएं।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा, जिला राजस्व अधिकारी विक्रम जीत सिंह, ओएसडी उमाकांत तथा अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

